आशुतोष द्विवेदी, रीवा। सोशल मीडिया पर की गई एक आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की बेटी को लेकर कथित अभद्र टिप्पणी करने वाले को यूपी एसटीएफ ने रीवा पुलिस की मदद से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को आगे की पूछताछ के लिए उत्तर प्रदेश ले जाया गया है।

साइबर क्राइम पुलिस कानपुर ने संज्ञान में लिया था

दरअसल रीवा जिले के पनवार थाना क्षेत्र के पूर्वा कल्याणपुर गांव निवासी नागेश्वर सिंह बघेल पर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी पोस्ट करने का आरोप है। मामले को साइबर क्राइम पुलिस कानपुर कमिश्नर ने संज्ञान में लिया, जिसके बाद उत्तर प्रदेश एसटीएफ की टीम जांच के लिए मध्य प्रदेश पहुंची। पनवार थाना प्रभारी प्रवीण उपाध्याय और यूपी एसटीएफ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके गांव से हिरासत में लिया। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे यूपी एसटीएफ के सुपुर्द कर दिया गया।

आरोपी से पूछताछ की जा रही

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले के साइबर अपराध से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच जारी है। अधिकारियों ने यह भी कहा है कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी को उत्तर प्रदेश ले जाया गया है, जहां उससे आगे की पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m