चंकी बाजपेयी, इंदौर। भीषण गर्मी के बीच पानी की किल्लत को लेकर कांग्रेस विभिन्न स्थानों पर विरोध जता रही है। कांग्रेस के कद्दावर नेता कुणाल चौधरी के आह्वान पर कांग्रेसी इकट्ठे होकर प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी तरह इंदौर के वार्ड क्रमांक 75 में कांग्रेस पार्षद और कई नेताओं के द्वारा रहवासियों के साथ मिलकर पानी की किल्लत को लेकर प्रदर्शन किया गया। लेकिन यह प्रदर्शन कांग्रेस के कुछ नेता और कार्यकर्ताओं को भारी पड़ने वाला है। पुलिस ने कुछ नेता और कार्यकर्ताओं पर प्रकरण दर्ज किया है।
ये भी पढ़ें : VIDEO: ओंकारेश्वर में श्रद्धालुओं और ट्रस्ट कर्मचारियों के बीच चले लात घूंसे और लाठियां, मंदिर ट्रस्ट प्रबंधन ने 5 कर्मचारियों समेत सुपरवाइजर की सेवा की समाप्त
भंवरकुआ पुलिस के मुताबिक पालदा चौराहे पर कांग्रेस नेता कुणाल चौधरी, पार्षद, कार्यकर्ताओं और रहवासियों द्वारा प्रदर्शन किया गया। कांग्रेसियों के द्वारा मटके रखे गए और पुलिस अधिकारियों के पांव पकड़कर पानी की मांग की गई। वहीं पुलिस टीम द्वारा प्रदर्शनकारियों से आग्रह किया गया कि रोड जाम हो रहा है लेकिन प्रदर्शनकारियों ने एक न सुनी। जिसके चलते कार्यकर्ताओं ने टीम से झड़प भी की।
ये भी पढ़ें : ‘चीलर नदी’ की हालत देख दंग रह गए सांसद, गंगा दशमी पर पूजा करने पहुंचे थे रोडमल नागर, बोले- ‘अकेली सरकार कुछ नहीं कर सकती’
पुलिस ने इस झड़प के बाद कुणाल चौधरी, राकेश पटेल, तारा, कमल सहित 18 लोगों के खिलाफ बगैर अनुमति के प्रदर्शन करने सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। आपको बता दें कि 2 घंटे से अधिक समय तक चले इस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ अधिकारियों के द्वारा निगम कमिश्नर से चर्चा करने के बाद क्षेत्र में पानी के टैंकर और नर्मदा पाइपलाइन को 1 घंटे तक संचालित करने का आश्वासन दिया, जिससे लोगों को पानी की समस्या ना हो।

