कुमार इंदर, जबलपुर। डाक विभाग में फर्जी मार्कशीट के जरिए नौकरी हासिल करने वाले जालसाजों पर CBI ने बड़ी कार्रवाई की है। सीबीआई ने धोखाधड़ी के इस मामले में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नौकरी पाने वाले 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
FIR दर्ज होते ही सीबीआई की टीमों ने आरोपियों के सभी 8 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की कार्रवाई की, जहां से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य और संदिग्ध दस्तावेज जब्त किए गए हैं।
जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने बिहार, मध्य प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और झारखंड जैसे राज्यों के फर्जी बोर्ड प्रमाण-पत्र और मार्कशीट बनवाए थे। इन फर्जी दस्तावेजों को अपलोड कर उन्होंने अपने नंबर बढ़ा-चढ़ाकर दर्शाए थे, जिसके दम पर उन्होंने डाक विभाग में नियुक्तियां हासिल कर ली थीं। हालांकि, बोर्ड वेरिफिकेशन और सत्यापन की प्रक्रिया में मार्कशीट फर्जी पाई गई, जिसके बाद विभाग ने तुरंत संज्ञान लेते हुए इनकी अस्थाई नियुक्तियों को रद्द कर दिया।
इन 8 लोगों पर गिरी गाज
सीबीआई ने इस मामले में मानवेन्द्र सिंह सिकरवार, बद्री प्रसाद यादव, देवेन्द्र सिंह चौहान, राजाबाबू अहिरवार, रमाकांत शर्मा, प्रदीप खरे, सौरभ शर्मा और नयन कुमार के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। सभी आरोपियों पर BNS और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। फिलहाल इस पूरे फर्जीवाड़ा सिंडिकेट को बेनकाब करने और इसमें शामिल अन्य मास्टरमाइंड्स तक पहुंचने के लिए सीबीआई की जांच जारी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


