सीबीएसई बोर्ड के विद्यार्थियों की समस्याओं को लेकर सियासत काफी तेज हो गई है, जिसमें कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखे सवाल उठाए हैं।

कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। कांग्रेस सांसद Deepender Singh Hooda ने CBSE बोर्ड के छात्रों के मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi की सराहना की है। उन्होंने कहा कि जो काम केंद्र में बैठी सरकार को करना चाहिए था, वह राहुल गांधी कर रहे हैं। दीपेंद्र हुड्डा के अनुसार, राहुल गांधी ने CBSE बोर्ड के छात्रों से मुलाकात कर संवेदनशीलता के साथ उनकी समस्याओं को सुना और उनकी चिंताओं को समझने का प्रयास किया।

दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश की युवा पीढ़ी के साथ मजबूती से खड़ी है और छात्रों को न्याय दिलाने की लड़ाई में कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार अपनी नाकामियों से पैदा हुई समस्याओं को गंभीरता से लेने के बजाय उनसे दूरी बना रही है।

कांग्रेस सांसद ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि समस्या के समाधान की मांग उठाने वालों को गंभीरता से सुनने की बजाय उन्हें “आतंकी” और “देशद्रोही” जैसे शब्दों से डराने की कोशिश की जाती है, ताकि पीड़ित वर्ग अपनी आवाज उठाना बंद कर दे। उन्होंने कहा कि यह रवैया लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और स्वीकार्य नहीं हो सकता।

हुड्डा ने कहा कि छात्रों और युवाओं के हितों की रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है और विपक्ष लगातार उनकी आवाज उठाता रहेगा।