भुवनेश्वर: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने राजधानी भुवनेश्वर स्थित महात्मा गांधी मार्ग पर आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्य और देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज का दिन भारत के इतिहास में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ रहा है और राष्ट्रगान व ‘वंदे मातरम’ को इसका उपयुक्त और सच्चा सम्मान मिला है।

समारोह में जनता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ओडिशा देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है जिसने केजी (किंडरगार्टन) से लेकर पीजी (पोस्ट ग्रेजुएशन) तक मुफ्त शिक्षा की व्यवस्था लागू की है। शिक्षा के ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए ‘गोदाबरीश मिश्र आदर्श विद्यालय योजना’ के तहत राज्य भर में 2,200 नए आदर्श विद्यालयों का निर्माण किया जाएगा।

रोजगार और शैक्षणिक सुधारों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान सरकार के सत्ता में आने के बाद पिछले दो वर्षों के भीतर 26,000 शिक्षकों की नियुक्ति की जा चुकी है। इसके अलावा, आने वाले दिनों में 45,000 और शिक्षकों की भर्ती के लिए प्रक्रिया तेजी से जारी है।

पूर्व मुख्यमंत्री और राज्य के विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने भी 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई दी। अपने संदेश में उन्होंने कहा, “मैं उन अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को अपना नम्र प्रणाम अर्पित करता हूं जिन्होंने देश की आजादी और सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। आइए, हम सब आपस में एकता की भावना को मजबूत करते हुए अपने राज्य और देश को सर्वश्रेष्ठ बनाने की दिशा में मिलकर आगे बढ़ें।”

राज्य के विभिन्न हिस्सों में स्वतंत्रता दिवस का जश्न पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। स्थानीय स्वायत्तशासी (ऑटोनॉमस) कॉलेज के पास स्थित यात्रा मैदान में आयोजित जिलास्तरीय समारोह में उपमुख्यमंत्री (महिला एवं बाल विकास, मिशन शक्ति तथा पर्यटन विभाग) मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने तिरंगा फहराया, संयुक्त परेड का निरीक्षण किया और उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए राज्य के सर्वांगीण विकास में महिलाओं और युवाओं की भागीदारी पर जोर दिया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m