कैथल की डीसी एवं प्रधान जनगणना अधिकारी अपराजिता ने जिले में जनगणना 2027 के कार्यों को सुचारू रूप से चलाने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
राकेश कथूरिया, कैथल। जिले की डीसी एवं प्रधान जनगणना अधिकारी अपराजिता ने जिले में जनगणना 2027 के कार्यों को निर्धारित समयावधि में सुचारू रूप से पूरा करने के उद्देश्य से सभी स्थानीय जनप्रतिनिधियों से विशेष आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय महत्व के इस बड़े अभियान को सफल बनाने के लिए सभी स्तरों पर जनप्रतिनिधि इस कार्य में प्रगणकों का पूर्ण सहयोग करें। डीसी ने स्पष्ट किया कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया है, जिसके सटीक आंकड़े हमारे देश और राज्य की भविष्य की विकास योजनाओं तथा जनकल्याणकारी नीतियों के निर्माण में सबसे अहम भूमिका निभाते हैं।
ग्राम पंचायतों और निकायों की जिम्मेदारियां तय
प्रधान जनगणना अधिकारी ने जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए नगर निकायों, ग्राम पंचायतों तथा प्रशासनिक अधिकारियों की जिम्मेदारियां पूरी तरह तय कर दी हैं। इसके तहत सभी नगर परिषदों, नगर निकायों के अध्यक्षों, पार्षदों, सदस्यों सहित गांवों के सरपंचों, पंचों तथा नंबरदारों को कड़े निर्देश दिए गए हैं कि वे क्षेत्र में आने वाले जनगणना प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को हर संभव आवश्यक सहयोग उपलब्ध करवाएं, ताकि फील्ड में हाउस लिस्टिंग के इस महत्वपूर्ण कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
नियम तोड़ने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई
डीसी अपराजिता ने संबंधित विभागों के सभी प्रशासनिक अधिकारियों को भी स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इस बार जनगणना कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई भी व्यक्ति, परिवार या संस्था इस राष्ट्रीय महत्व के जनगणना कार्य में जानबूझकर बाधा उत्पन्न करती है या प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की अवहेलना करती पाई जाती है, तो उसके खिलाफ जनगणना अधिनियम, 1948 तथा अन्य सभी लागू कानूनी प्रावधानों के तहत तुरंत सख्त और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

