Cancer Medicine Price: कैंसर की दवाओं की कीमतों पर लगाम लगाने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाने का फैसला किया है। केंद्र ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि वह चुनिंदा कैंसर-रोधी दवाओं पर 30 प्रतिशत ट्रेड मार्जिन की सीमा लागू करेगी। इसका उद्देश्य दवाओं की कीमतों में अत्यधिक बढ़ोतरी रोकना और मरीजों को उचित कीमत पर इलाज उपलब्ध कराना है। सरकार के इस फैसले से कैंसर मरीजों के इलाज का खर्च कम होने की उम्मीद है।
कैंसर की दवाओं पर 30% मार्जिन कैप, जारी होगी सूची
सुनवाई के दौरान सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि केंद्र उन कैंसर दवाओं की सूची जारी करेगा, जिन पर 30 प्रतिशत ट्रेड मार्जिन की सीमा लागू होगी। बाजार की परिस्थितियों और सार्वजनिक स्वास्थ्य की जरूरतों के आधार पर इस सूची को समय-समय पर अपडेट किया जाएगा। इसमें नई दवाएं जोड़ी जा सकेंगी, जबकि सस्ती दवाओं को इस व्यवस्था से बाहर रखा जाएगा।
सरकार के अनुसार, इस कदम से दवाओं की अधिकतम खुदरा कीमत (MRP) में 20 से 70 प्रतिशत तक की कमी आने और सालाना करीब 2,500 करोड़ रुपये की बचत होने की उम्मीद है।
सुप्रीम कोर्ट ने कहा- पूरे फार्मा बाजार की हो जांच
सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि दवाओं की कीमतों को नियंत्रित करने की कवायद केवल कैंसर की दवाओं तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। अदालत ने पूरे फार्मास्युटिकल बाजार में कीमतों और ट्रेड मार्जिन की व्यापक समीक्षा की जरूरत पर जोर दिया।
जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की पीठ ने कुछ दवाओं की MRP में अत्यधिक अंतर पर सवाल उठाते हुए केंद्र से पूछा कि कुछ मामलों में कीमत लागत से कई गुना अधिक क्यों होती है। अदालत ने यह भी कहा कि कुछ दवाओं पर मूल्य सीमा लागू करने और कुछ को इससे बाहर रखने के पीछे उपभोक्ताओं के हित में ठोस कारण होने चाहिए।
नॉन-शेड्यूल्ड दवाओं और मेडिकल डिवाइस पर भी विचार
पिछली सुनवाई में अदालत ने नॉन-शेड्यूल्ड दवाओं और अस्पतालों में बेची जाने वाली दवाओं पर 16 प्रतिशत रिटेल मार्जिन की समान सीमा लागू करने का सुझाव दिया था। केंद्र ने दवाओं की कीमत और बाजार में उनकी उपलब्धता के बीच संतुलन बनाए रखने की जरूरत बताई।
इस मामले में अगली सुनवाई 27 अक्टूबर को होगी। सुप्रीम कोर्ट अब दवाओं की शुरुआती कीमतों और मेडिकल डिवाइस की कीमतों पर सीमा तय करने से जुड़े मुद्दों पर विचार करेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

