CG Accident : सुप्रिया पांडेय/प्रदीप गुप्ता/प्रशांत सिंह/संजीव शर्मा, रायपुर/कवर्धा/जांजगीर-चांपा/कोंडागांव. छत्तीसगढ़ में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है. अलग-अलग जिलों से सड़क दुर्घटनाएं सामने आई है. इनमें महिला समेत दो लोगों की गंभीर रूप से घायल हुए हैं. सुबह-सुबह राजधानी रायपुर में ट्रैक्टरों से लदा ट्रेलर पलटा गया, जिससे दुर्ग-रायपुर मार्ग बाधित हो गया है. इसी तरह कवर्धा की हाफ नदी में इनोवा बेकाबू होकर गिर गई.
CG Accident : ट्रैक्टरों से लदा ट्रेलर पलटा

राजधानी के सरोना फ्लाईओवर पर मंगलवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया. दुर्ग से रायपुर की ओर आ रहा एलएनटी ट्रैक्टरों से लदा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर पर पलट गया. ट्रेलर सड़क के बीचों-बीच पलटने से दुर्ग से रायपुर आने वाला मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई.
हादसे में ट्रेलर के नीचे कई ट्रैक्टर दब गए, जिससे उन्हें नुकसान पहुंचा है. हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है.
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और ट्रेलर को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी. ट्रेलर का चालक मौके पर मौजूद नहीं है. पुलिस उसकी तलाश कर रही है. यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए राहगीरों को एम्स-मोहबाजार मार्ग से वैकल्पिक रास्ते का उपयोग करने की सलाह दी गई है.
CG Accident : हाफ नदी में गिरी इनोवा

कबीरधाम जिले के पांडातराई मोड़ स्थित हाफ नदी के पास एक बार फिर बड़ा सड़क हादसा हो गया. जबलपुर से कोरबा जा रही एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर सीधे हाफ नदी में जा गिरी और पलट गई. हादसे में कार सवार पति-पत्नी घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बाहर निकालकर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पांडातराई मोड़ पर तेज मोड़, अंधेरा और बारिश के कारण बाहर से आने वाले वाहन चालकों को सड़क की सही दिशा का अंदाजा नहीं लग पाता. इसी वजह से कार अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. अंधेरे और मूसलाधार बारिश के बीच कड़ी मशक्कत कर दोनों घायलों का सफल रेस्क्यू किया.
गौरतलब है कि लगभग दो माह पहले भी इसी स्थान पर एक कार हाफ नदी में गिर गई थी, जिसमें पांच युवकों की दर्दनाक मौत हो गई थी. इसके बावजूद इस ब्लैक स्पॉट पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए जाने से लगातार हादसे हो रहे हैं.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माणाधीन पुल का कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है. पर्याप्त चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और प्रकाश व्यवस्था के अभाव में आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं. इस घटना के बाद ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति आक्रोश है और उन्होंने जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा करने तथा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.
CG Accident : रेलवे ओवरब्रिज पर भीषण सड़क हादसा
चांपा रेलवे स्टेशन के पास स्थित ओवरब्रिज पर मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर के बाद एक चालक सड़क पर गिर गया. इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद वाहन चालक वाहन समेत फरार हो गया.
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान विशाल सूर्यवंशी, निवासी कोसमंदा गांव, के रूप में हुई है. वहीं दूसरे बाइक चालक रोशन चंद्रा, निवासी ओड़ेकेरा गांव, हादसे में घायल हो गए. उन्हें उपचार के लिए बीडीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
घटना की सूचना मिलते ही चाम्पा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की. पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है. हादसे के कारण कुछ देर तक ओवरब्रिज पर यातायात भी प्रभावित रहा.
CG Accident : बस-ट्रैक्टर की जोरदार भिड़ंत

कोंडागांव के राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर सुकुरपाल के पास मंगलवार की सुबह एक यात्री बस और ट्रैक्टर के बीच हुई भीषण टक्कर में ट्रैक्टर के दो टुकड़े हो गए. हादसा इतना जबरदस्त था कि ट्रैक्टर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन राहत की बात यह रही कि ट्रैक्टर चालक बाल-बाल बच गया. वहीं बस में सवार सभी यात्री भी सुरक्षित हैं.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए. हादसे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा. बाद में वाहनों को हटाकर आवागमन सामान्य कराया गया.
सूचना पर पुलिस भी घटनास्थल पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. गनीमत रही कि भीषण टक्कर के बावजूद कोई जनहानि नहीं हुई. ट्रैक्टर की हालत देखकर हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

