CG Constable Death Case : हकीमुद्दीन नासिर, महासमुंद. छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के बागबाहरा में पौनी पसारी चबूतरे पर आरक्षक कृष्णा पटेल का शव मिला है. वह कोतवाली थाना में आरक्षक के पद पर पदस्थ था. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. फिलहाल आरक्षक की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है. पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. मामला बागबहारा थाना इलाके का है.

CG Constable Death Case : पौनी पसारी चबूतरे पर मिला शव

जानकारी के मुताबिक, बागबाहरा थाना क्षेत्र में नगरपालिका द्वारा निर्मित पौनी पसारी चबूतरे के पास बुधवार सुबह  आरक्षक कृष्णा पटेल का शव मिला. स्थानीय लोगों ने जब शव को देखा, तब पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने मामले की पड़ताल के लिए फोरेंसिक टीम की मदद ली. पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों और अन्य परिस्थितियों की जांच कर रही है.

CCTV फुटेज में बाइक से जाते दिखा आरक्षक

जांच में घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. फुटेज में आरक्षक कृष्णा पटेल शाम के समय बाइक से जाते हुए दिखाई दिया है.  पुलिस इस फुटेज के आधार पर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास कर रही है. आरक्षक वहां कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे.

CG Constable Death Case : पुलिस जांच में पता चलेगी मौत की वजह

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आरक्षक कृष्णा पटेल की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है. पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही हो सकेगा. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H