आशुतोष तिवारी, जगदलपुर। शहर की ज्वेलरी शॉप में चोरी के मामले का बस्तर पुलिस ने खुलासा करते हुए महाराष्ट्र के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर ज्वेलरी खरीदने के बहाने दुकान से सोने के आभूषण चोरी करने का आरोप है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तार किया।

जानकारी के मुताबिक, 23 अगस्त को शहर स्थित अलंकार ज्वेलर्स में कुछ लोग सोने के आभूषण खरीदने के बहाने पहुंचे थे। इसी दौरान शातिर तरीके से दुकान में रखे कान में पहनने वाले सुई-धागा आभूषण को चोरी कर लिया गया। चोरी का पता चलने के बाद ज्वेलरी शॉप संचालक ने मामले की शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई।

CCTV फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। फुटेज के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान की और उनकी तलाश शुरू की। पुलिस लगातार आरोपियों की गतिविधियों और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाती रही। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के महाराष्ट्र निवासी होने की जानकारी मिली।

महाराष्ट्र के 5 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपी पृथ्वीराज चौहान, रेखा चौहान, चेतन भाटी, संदीप गौड़ और जयश्री को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी महाराष्ट्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गिरोह ने इससे पहले बस्तर या आसपास के इलाकों में इस तरह की अन्य वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H