CG Crime : आशुतोष तिवारी, जगदलपुर. कोतवाली थाना इलाके के बाफना लाइफस्टाइल कपड़ा शोरूम में काम करने वाली युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. युवती का शव शोरूम की छत पर फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला. मृतका की पहचान दीपा सागर के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों ने कई सवाल खड़े करते हुए मौत को संदिग्ध बताया है.
परिजनों का आरोप है कि युवती के लापता होने के बाद उन्होंने काफी देर तक उसकी तलाश की, लेकिन उन्हें समय पर न तो सीसीटीवी फुटेज दिखाए गए और न ही कोई स्पष्ट जानकारी दी गई. वहीं परिजन युवती के शरीर पर चोट और नाखून के निशान होने की बात कहते हुए हत्या की आशंका जता रहे हैं. इधर पुलिस ने एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
CG Crime : शोरूम में 21 अक्टूबर से कर रही थी काम

परिजनों के मुताबिक दीपा 21 अक्टूबर से शोरूम में काम करने आ रही थी. घटना से एक दिन पहले शाम करीब 6 बजे से उसका कोई पता नहीं चल रहा था. परिजनों का कहना है कि जब देर रात तक दीपा घर नहीं पहुंची तो परिवार के लोग उसे तलाशने शोरूम पहुंचे. लेकिन काफी देर तक तलाश करने के बाद भी उन्हें दीपा के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली. परिजनों ने शोरूमप्रबंधन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं.
CG Crime : परिजनों ने कहा- शरीर पर मिले चोट और नाखून के निशान
परिजनों का यह भी आरोप है कि दीपा की तलाश के दौरान शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज तत्काल नहीं दिखाई गई. परिवार का कहना है कि बाद में उन्हें युवती का शव दिखाया गया, जिसके बाद उन्होंने शरीर पर चोट और नाखून के निशान होने की बात कही. इन्हीं परिस्थितियों के आधार पर परिजन मौत को सामान्य आत्महत्या मानने से इनकार कर रहे हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं. हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.

तफ्तीश में जुटी पुलिस
इधर मामले में कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 11 बजे युवती की मौत की सूचना मिली थी. इसके बाद एफएसएल और फोटोग्राफर टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जरूरी साक्ष्य जुटाए गए. शव को पोस्टमार्टम के लिए डिमरापाल मेडिकल कॉलेज भेजा गया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के साथ कॉल डिटेल रिकॉर्ड यानी सीडीआर की भी जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक परिस्थितियों को लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

