CG Job Alert: रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ने युवाओं को रोजगार का बड़ा अवसर दिया है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने समूह-2, तृतीय श्रेणी (स्नातकोत्तर एवं स्नातक स्तर), उपसमूह-02 के अंतर्गत विभिन्न विभागों में कुल 1,703 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। मंडल द्वारा इन पदों के लिए पहली बार लिखित भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी।

इन पदों पर होगी भर्ती

भर्ती में सहायक ग्रेड-3 के 1,206 पद, सहायक उप निरीक्षक (जिला इकाई संवर्ग) के 279 पद, शीघ्रलेखक (हिंदी) के 30, उप निरीक्षक-अ (शीघ्रलेखक, सामान्य शाखा) के 34, स्टेनो टाइपिस्ट के 23, डाटा एंट्री ऑपरेटर के 25, शीघ्रलेखक (द्विभाषी) के 13, पंजीयक लिपिक के 50, सहायक उप निरीक्षक-अ (सामान्य शाखा) के 40 और शीघ्रलेखक (अंग्रेजी) के 3 पद शामिल हैं।

27 नवंबर आवेदन की अंतिम तारीख

इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 5 नवंबर 2026 से शुरू हो गई है। आवेदन करने की अंतिम तिथि 27 नवंबर 2026 को शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है। वहीं, आवेदन पत्र में त्रुटि सुधार के लिए 28 से 30 नवंबर 2026 तक शाम 5 बजे तक का समय दिया गया है।

10 जनवरी 2027 को होगी लिखित परीक्षा

लिखित भर्ती परीक्षा 10 जनवरी 2027 को सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थी 4 जनवरी 2027 से मंडल की वेबसाइट पर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा प्रदेश के पांच संभागीय मुख्यालयों में आयोजित होगी।

स्थानीय अभ्यर्थियों को वापस मिलेगा परीक्षा शुल्क

छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवासी अभ्यर्थी, जो परीक्षा में शामिल होंगे, उन्हें नियमानुसार परीक्षा शुल्क उसी बैंक खाते में वापस किया जाएगा, जिससे आवेदन शुल्क का भुगतान किया गया है।

भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी, पात्रता, नियम एवं ऑनलाइन आवेदन के लिए अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट https://cgssb.cgstate.gov.in पर जा सकते हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H