CG Morning News: छत्तीसगढ़ की राजनीति में आज का दिन अहम रहने वाला है, क्योंकि विधानसभा का विशेष सत्र महिला सशक्तीकरण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर केंद्रित होगा। इस दौरान राज्य सरकार महिला आरक्षण कानून और परिसीमन से जुड़े 131वें संविधान संशोधन विधेयक के पारित न होने के विरोध में निंदा प्रस्ताव लाने की तैयारी में है।

इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच सदन में तीखी बहस के आसार हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस विषय पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वे “दुखी मन” से अपनी बात रख रहे हैं। उनके अनुसार महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का लक्ष्य विपक्ष के रुख के कारण पूरा नहीं हो सका। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यह निर्णय देश की करोड़ों महिलाओं की उम्मीदों को प्रभावित करने वाला है और यह केवल राजनीतिक नहीं बल्कि सामाजिक न्याय से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।

narayana

वहीं कांग्रेस ने इस मुद्दे पर सरकार पर तीखा पलटवार किया है। कांग्रेस का कहना है कि सरकार महिला आरक्षण को लेकर केवल राजनीतिक बयानबाजी कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर इसके क्रियान्वयन को लेकर स्पष्टता नहीं है। पार्टी ने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य दोनों स्तरों पर जिम्मेदारी तय किए बिना इसे चुनावी मुद्दे के रूप में पेश किया जा रहा है। कांग्रेस ने यह भी कहा कि वे सदन में तथ्यों के साथ सरकार के दावों का जवाब देंगे।

इधर राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह विशेष सत्र पूरी तरह से टकरावपूर्ण रहने की संभावना है, जहां सत्ता पक्ष निंदा प्रस्ताव के जरिए विपक्ष को घेरने की कोशिश करेगा, वहीं कांग्रेस सरकार की नीतियों और मंशा पर सवाल उठाकर जवाबी हमला करेगी।

CM साय विधानसभा में आयोजित बैठक और विशेष सत्र में होंगे शामिल

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज विधानसभा में आयोजित बैठक और विशेष सत्र में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री सचिवालय द्वारा जारी आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार आज का पूरा दिन विधायी कार्यों और प्रशासनिक गतिविधियों के लिए निर्धारित किया गया है।

मुख्यमंत्री सुबह 8:30 बजे सिविल लाइन रायपुर स्थित अपने निवास से कार द्वारा प्रस्थान करेंगे और 8:55 बजे नवा रायपुर अटल नगर स्थित विधानसभा परिसर पहुंचेंगे। इसके बाद वे सुबह 9:00 बजे से 10:45 बजे तक मुख्य समिति कक्ष में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होंगे। इसके पश्चात मुख्यमंत्री सुबह 11:00 बजे से शाम 05:30 बजे तक विधानसभा सत्र की कार्यवाही में भाग लेंगे। सत्र समाप्त होने के बाद वे शाम 5:30 बजे विधानसभा परिसर से मुख्यमंत्री निवास के लिए रवाना होंगे और लगभग 5:55 बजे अपने निवास पहुंचेंगे, जहां शेष समय आरक्षित रहेगा।

आज राजधानी रायपुर पहुंचेंगे कांग्रेस प्रदेश प्रभारी पायलट

रायपुर। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट आज शाम राजधानी रायपुर पहुंचेंगे। 1 मई को वे कांग्रेस विधायकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर संगठनात्मक रणनीति पर चर्चा करेंगे। इसके साथ ही वे ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों की भी बैठक लेंगे। सभी बैठकें कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय राजीव भवन में आयोजित की जाएंगी।

राजधानी में मांस मटन की बिक्री पर रहेगी रोक

रायपुर। राजधानी रायपुर में 1 मई को बुद्ध जयंती के अवसर पर नगर निगम क्षेत्र में मांस-मटन की बिक्री पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगी। इस संबंध में महापौर मीनल चौबे ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि होटलों में मांस-मटन की बिक्री पाए जाने पर तत्काल जब्ती की कार्रवाई की जाएगी तथा संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के आदेश के अनुपालन में नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग ने निगम सीमा क्षेत्र में स्थित सभी पशुवध गृहों एवं मांस-मटन विक्रय की दुकानों को बंद रखने का आदेश जारी किया है।

आज संपत्ति कर जमा नहीं किया तो होगी कुर्की

रायपुर। रायपुर नगर निगम ने संपत्ति कर बकायादारों को गुरुवार शाम तक टैक्स जमा करने की अंतिम चेतावनी दी है। समय पर भुगतान नहीं करने पर 17 प्रतिशत अधिभार के साथ कुर्की और सीलबंदी की कार्रवाई की जाएगी। इस दायरे में अब खाली पड़े प्लॉट मालिकों को भी शामिल किया गया है।

नगर निगम को इस वर्ष 361 करोड़ रुपए वसूली का लक्ष्य मिला था, जिसमें अब तक लगभग 320 करोड़ रुपए की वसूली हो चुकी है। करीब 40 हजार संपत्तियों पर अभी भी कर बकाया है, जिनमें लगभग 5 हजार ओपन प्लॉट शामिल हैं।

30 अप्रैल तक बिना अधिभार टैक्स जमा करने की छूट समाप्त हो चुकी है। अब बकाया राशि पर 17 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क लागू होगा। नागरिक ‘मोर रायपुर’ ऐप या निगम की वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन टैक्स भुगतान कर सकते हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H