CG Morning News : रायपुर. ‘जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा’ की जिम्मेदारी भाजयुमो को सौंपी गई है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंगलवार को बसों को हरी झंडी दिखाकर यात्रा दल को रवाना करेंगे. शाम 4:30 बजे यात्रा दल रवाना होगा. यह संकल्प यात्रा 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलेगी और करीब 20 दिनों तक विभिन्न राज्यों से होकर गुजरेगी. यात्रा में छत्तीसगढ़ भाजयुमो के 100 युवा शामिल होंगे. यात्रा की शुरुआत वडनगर और काशी से एक साथ होगी, जबकि देशभर में 20 अलग-अलग रूट्स पर यात्रा निकाली जाएगी. प्रत्येक रूट पर 25 पदयात्री सहभागिता करेंगे, वहीं 50 युवा बाइक पर जल कलश लेकर चलेंगे. इस दौरान पवित्र नदियों के जल का संग्रह किया जाएगा और हाटकेश्वर महादेव तथा काशी विश्वनाथ मंदिर में जलाभिषेक किया जाएगा.
नवा रायपुर में गोल्फ का रोमांच
रायपुर. नवा रायपुर में आज से ‘नवा रायपुर ओपन 2026’ का भव्य शुभारंभ होगा. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय प्रतियोगिता का शुभारंभ करेंगे. शाम 3:05 बजे सेरेमोनियल टी-ऑफ के साथ प्रतियोगिता की शुरुआत होगी. आयोजन फेयरवे गोल्फ एंड लेक रिजॉर्ट में किया जा रहा है, जिसमें क्रिकेट लीजेंड कपिल देव भी समारोह में शामिल होंगे. राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के बीच होने वाली इस प्रतियोगिता को नवा रायपुर को गोल्फ और स्पोर्ट्स टूरिज्म हब के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है.
सरगुजा में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्षों की लगेगी क्लास
रायपुर. प्रदेशभर में कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्षों का प्रशिक्षण कार्यक्रम जारी है. आज सरगुजा में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इसके बाद 20 सितंबर को रायपुर संभाग के ब्लॉक अध्यक्षों का प्रशिक्षण होगा. बस्तर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग के ब्लॉक अध्यक्षों का प्रशिक्षण पहले ही पूरा हो चुका है. कांग्रेस का यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 22 सितंबर तक चलेगा. इसमें PCC के वरिष्ठ नेता ब्लॉक अध्यक्षों को संगठन, आगामी रणनीति और पार्टी गतिविधियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण देंगे.

CG PSC में सुधार को लेकर रैली आज!
रायपुर. छत्तीसगढ़ राज्य लोक सेवा आयोग (पीएससी) में सुधार को लेकर 15 सितंबर मंगलवार को दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे के बीच एक महारैली का आयोजन किया गया है. इस महारैली को लेकर केवल सफेद रंग का पंपलेट सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोपहर 12 बजे पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के सामने एकत्रित होने और आजाद चौक होते हुए मरीन ड्राइव तक महारैली निकालने की बातों का जिक्र किया गया है. इसमें किसी अभ्यर्थी या पार्टी के नाम का कोई उल्लेख नहीं है. इस महारैली को शांतिपूर्ण छात्र आंदोलन का नाम दिया जा रहा है. इससे प्रशासनिक अमला खासकर पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है. दरअसल जेनजी आंदोलन के बाद अचानक से छत्तीसगढ़ में भी कॉकरोच जनता पार्टी के नाम से कुछ युवा नेता सक्रिय हो रहे हैं. इस रैली को उसी से जोड़ने की कोशिश की जा रही है, जिस पर मंगलवार को पर्दा हटने की संभावना है, क्योंकि महारैली का आह्वान केवल सोशल मीडिया में तैर रहा है. किसी भी अभ्यर्थी या नेतृत्वकर्ता का नाम सामने नहीं आ रहा है और न ही कोई मांग दिखाई दे रही है कि आखिर पीएससी में सुधार क्या करना है? बहरहाल पीएससी सुधार महारैली को लेकर युवाओं के बीच चर्चा बनी हुई है और रायपुर चलो.. जैसे नारे भी लगाए जा रहे हैं.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



