CG Morning News: बिलासपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सुशासन तिहार के तहत बिलासपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे शाम करीब 4 बजे हेलीकॉप्टर से बिलासपुर पहुंचेंगे और विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री हेमूनगर स्थित बंधवा तालाब के पास ईशिका पार्क में आयोजित सुशासन शिविर में भाग लेंगे। इस दौरान वे आम जनता से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुनेंगे। साथ ही कई विकास एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे।

विकास एवं निर्माण कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन के बाद मुख्यमंत्री दयालबंद मधुबन पहुंचकर प्रस्तावित एजुकेशन हब निर्माण कार्य का निरीक्षण करेंगे। वहीं कलेक्टोरेट के मंथन सभाकक्ष में प्रशासनिक अधिकारियों की समीक्षा बैठक भी लेंगे।
बैठक में बिलासपुर समेत पांच जिलों के अधिकारियों के साथ सुशासन तिहार के तहत संचालित योजनाओं की प्रगति और क्रियान्वयन की समीक्षा की जाएगी। मुख्यमंत्री जनहित योजनाओं की जमीनी स्थिति का फीडबैक लेने के साथ ही अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी देंगे।
आज त्रिस्तरीय पंचायत और नगरीय निकायों के आम एवं उपचुनाव के आएंगे नतीजे
रायपुर। छत्तीसगढ़ में हाल ही में संपन्न हुए त्रिस्तरीय पंचायत और नगरीय निकायों के आम एवं उपचुनाव के नतीजे आज घोषित किए जाएंगे। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से मतगणना की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुबह से मतगणना शुरू होगी और इसके साथ ही 5 नगरीय निकाय अध्यक्ष, 71 पार्षद, 10 जनपद पंचायत सदस्य, 34 सरपंच और 107 पंच पदों के लिए चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला सामने आने लगेगा।
दुर्ग में कांगो, इथियोपिया और युगांडा से पहुंचे 3 लोगों में ‘इबोला’ वायरस
दुर्ग। जिले में बुधवार को इबोला वायरस को लेकर स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया। कांगो, इथियोपिया और युगांडा से लौटे तीन लोगों के दुर्ग पहुंचने की सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, तीनों को इबोला वायरस का संदिग्ध माना जा रहा है और उनकी निगरानी की जा रही है।
दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह ने पुष्टि की है कि आईडीएसपी (इंटीग्रेटेड डिजीज सर्विलांस प्रोग्राम) से सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग को संबंधित लोगों की पहचान कर उन्हें होम आइसोलेशन में रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन लगातार उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इथियोपिया और युगांडा से आए दो व्यक्ति अलग-अलग एयरपोर्ट के जरिए सीधे दुर्ग पहुंचे हैं, जबकि कांगो से लौटे एक व्यक्ति ने पहले मुंबई में ठहराव किया और इसके बाद दुर्ग पहुंचा। प्रदेश में इबोला वायरस से जुड़े संदिग्धों का यह पहला मामला सामने आने के कारण स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है।
हालांकि कलेक्टर अभिजीत सिंह ने लोगों से घबराने की बजाय सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि तीनों व्यक्तियों की स्वास्थ्य स्थिति फिलहाल सामान्य बताई गई है और एहतियात के तौर पर निगरानी एवं आवश्यक स्वास्थ्य जांच की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
CCPL 2026 का आगाज, रायपुर राइनोज ने 90 रन से जीता पहला मैच
रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL) 2026 के तीसरे सीजन का शानदार आगाज हुआ। उद्घाटन समारोह में बॉलीवुड अभिनेत्री मौनी रॉय ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का मनोरंजन किया। इसके बाद खेले गए पहले मुकाबले में रायपुर राइनोज ने राजनांदगांव पैंथर्स को 90 रन से हराया।
आज टूर्नामेंट में दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच दोपहर 3 बजे सरगुजा टाइगर्स और रायगढ़ लॉयन के बीच होगा, जबकि दूसरा मुकाबला शाम 5:30 बजे बस्तर बायसन और बिलासपुर बुल्स के बीच शुरू होगा।
12 दिन तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में 6 टीमें हिस्सा ले रही हैं। फाइनल समेत कुल 18 मैच खेले जाएंगे। विजेता टीम को 15 लाख रुपए और उपविजेता को 11 लाख रुपए की पुरस्कार राशि दी जाएगी। दर्शकों के लिए प्रवेश निःशुल्क है, लेकिन पहले टिकट बुक कराना जरूरी होगा।
5 नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 149 पदों पर संविदा भर्ती
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के पांच नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों में शिक्षकीय और चिकित्सकीय पदों पर संविदा भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह भर्ती दंतेवाड़ा, मनेंद्रगढ़, कुनकुरी, जांजगीर-चांपा और कबीरधाम स्थित मेडिकल कॉलेजों में की जाएगी।
जारी सूचना के अनुसार कुल 149 रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू की गई है। इनमें प्राध्यापक (Professor), सह-प्राध्यापक (Associate Professor), सहायक प्राध्यापक (Assistant Professor) और सीनियर रेजीडेंट (Senior Resident) के पद शामिल हैं।
इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 15 जून निर्धारित की गई है। भर्ती प्रक्रिया राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) के निर्धारित मानकों और पात्रता शर्तों के अनुरूप संपन्न की जाएगी।
चयन प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद योग्य उम्मीदवारों का चयन साक्षात्कार (इंटरव्यू) के आधार पर किया जाएगा।
सरकार का उद्देश्य नए मेडिकल कॉलेजों में विशेषज्ञ शिक्षकों और चिकित्सकों की नियुक्ति कर चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना है। इन नियुक्तियों से मेडिकल कॉलेजों में शैक्षणिक गतिविधियों को गति मिलने के साथ ही स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार में भी मदद मिलेगी।
CGPSC राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2025 का टाइम टेबल जारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2025 का विस्तृत टाइम टेबल जारी कर दिया है। आयोग के अनुसार मुख्य परीक्षा 6 जून से शुरू होकर 9 जून 2026 तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए प्रदेश के पांच प्रमुख शहरों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
परीक्षार्थी अपना एडमिट कार्ड CGPSC की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं। आयोग ने अभ्यर्थियों को परीक्षा तिथि से पहले प्रवेश पत्र डाउनलोड कर उसमें दर्ज जानकारी का सत्यापन करने की सलाह दी है।
मुख्य परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित की जाएगी। सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
CGPSC की यह परीक्षा राज्य प्रशासनिक सेवाओं सहित विभिन्न विभागों के पदों पर भर्ती के लिए आयोजित की जा रही है। परीक्षा कार्यक्रम जारी होने के बाद अभ्यर्थियों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
सरकारी स्कूलों के बच्चों को एक साथ मिलेंगे यूनिफॉर्म के दोनों सेट
राज्य के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को आगामी शैक्षणिक सत्र में बड़ी राहत मिलने जा रही है। यूनिफॉर्म वितरण व्यवस्था में बदलाव करते हुए इस बार बच्चों को यूनिफॉर्म के दोनों सेट एक साथ उपलब्ध कराए जाएंगे। सरकार ने नए शिक्षा सत्र की शुरुआत से पहले ही वितरण प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य तय किया है।
स्कूल शिक्षा विभाग के अनुसार, 16 जून से शुरू होने वाले नए शैक्षणिक सत्र से पहले विद्यार्थियों तक यूनिफॉर्म पहुंचाने की तैयारी तेज कर दी गई है। अब तक 18 जिलों में यूनिफॉर्म के दोनों सेट भेजे जा चुके हैं, जबकि शेष जिलों में भी जल्द आपूर्ति पूरी कर ली जाएगी।
विभाग का दावा है कि इस वर्ष प्रदेशभर में 50 लाख से अधिक यूनिफॉर्म सेट विद्यार्थियों को वितरित किए जाएंगे। इससे पहले कई बार यूनिफॉर्म चरणबद्ध तरीके से पहुंचने के कारण छात्रों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता था, लेकिन इस बार दोनों सेट एक साथ देने की व्यवस्था की गई है।
यूनिफॉर्म के साथ-साथ पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। विभाग के मुताबिक कक्षा 9वीं और 10वीं की किताबें भी स्कूलों तक पहुंचा दी गई हैं, ताकि नए सत्र की शुरुआत से ही विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
शिक्षा विभाग का कहना है कि यूनिफॉर्म और पुस्तकों का समय पर वितरण सुनिश्चित करने के लिए जिलों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। लक्ष्य है कि स्कूल खुलने के साथ ही विद्यार्थियों को सभी जरूरी शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध हो जाए।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

