CG Morning News : रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में होने वाली बैठक में शामिल होंगे. वह दोपहर 12:45 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर पहुंचेंगे, जहां लगातार बैठकों का दौर चलेगा. मुख्यमंत्री शाम 4:30 बजे तक बैठकों में शामिल होंगे। इसके बाद शाम 4:45 बजे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे.
CG Morning News : स्मृति ईरानी के दौरे का दूसरा दिन
रायपुर. भाजपा की वरिष्ठ नेता स्मृति ईरानी के छत्तीसगढ़ दौरे का आज दूसरा दिन है. इस दौरान वह पार्टी के विधायकों, सांसदों, मंत्रियों और विभिन्न संस्थाओं के प्रमुखों के साथ बैठक करेंगी. सुबह 10 बजे से 11:30 बजे तक भाजपा विधायकों के साथ संगठनात्मक चर्चा होगी. इसके बाद सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक प्रदेश के सभी भाजपा सांसदों और दोपहर 12:30 बजे से 2 बजे तक राज्य मंत्रिमंडल के मंत्रियों के साथ बैठक करेंगी.
दोपहर 3 बजे से शाम 4:30 बजे तक निगम, मंडल, आयोग और बोर्ड के अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक होगी. वहीं, शाम 4:30 बजे से 5:30 बजे तक विचार परिवार के प्रमुख पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों के साथ संवाद करेंगी. स्मृति ईरानी के दो दिवसीय प्रवास के दौरान सरकार, संगठन और जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय मजबूत करने पर जोर रहेगा.
CG Morning News : हॉकी लीग का आज पांचवा दिन
रायपुर. राजधानी के अंतरराष्ट्रीय हॉकी मैदान में खेली जा रही छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के चौथे दिन न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। शाम 5:30 बजे खेले गए मुकाबले में न्यायधानी नाइट्स ने बैलाडीला बुल्स को एकतरफा 4-1 से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। इस मैच में न्यायधानी के चिराग ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए हैट्रिक पूरी की और टीम की जीत में मुख्य भूमिका निभाकर ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ तथा ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का खिताब अपने नाम किया, जबकि बैलाडीला बुल्स की तरफ से जसकरण ने एकमात्र गोल दागा। वहीं, 25 अक्टूबर को रात 7:30 बजे खेले गए लीग के सातवें मुकाबले में प्रदीप मोर की अगुवाई वाली मैनपाट टाइटन्स ने राजधानी रॉयल्स को 5-2 से करारी शिकस्त देकर उन्हें खिताबी दौड़ से लगभग बाहर कर दिया। इस मैच में जमशेदपुर टाटा एकेडमी से आए स्थानीय युवा खिलाड़ी मोहित नायक ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दो पुरस्कार जीते। सोमवार के पहले मुकाबले में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स का सामना बैलाडीला बुल्स से होगा. वहीं दूसरे मैच में चक्रधर चैंपियंस और मैनपाट टाइटन्स आमने-सामने होंगी.
किसानों का दाम सत्याग्रह आज से
रायपुर. छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की बकाया अंतर राशि के भुगतान की मांग को लेकर किसान एक बार फिर आंदोलन की राह पर हैं. प्रदेश किसान संघ ने दावा किया है कि सरकार पर किसानों का 6,066 करोड़ रुपये बकाया है. इसके भुगतान की मांग को लेकर 26 अक्टूबर से दाम सत्याग्रह शुरू किया जाएगा. इसके तहत किसान भुगतान यात्रा निकालेंगे और जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपेंगे. संघ ने वर्ष 2024-25 और 2025-26 की धान की अंतर राशि का तत्काल भुगतान करने, धान का समर्थन मूल्य बढ़ाकर 3,358 रुपये प्रति क्विंटल करने, राजीव गांधी किसान न्याय योजना की चौथी किस्त के 1,700 करोड़ रुपये जारी करने और किसानों को MSP की गारंटी देने के लिए कानून बनाने की मांग की है. संघ का कहना है कि सरकार की ओर से घोषित योजनाओं की राशि समय पर नहीं मिलने से किसानों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है.

ABVP का आज विद्यार्थी हुंकार प्रदर्शन
रायपुर. राजधानी में छात्र संघ एबीवीपी ने विद्यार्थी हुंकार प्रदर्शन का ऐलान किया है. दोपहर 12:45 बजे सप्रे स्कूल वॉलीबॉल ग्राउंड से शुरू होकर महिला थाना चौक स्थित जनसंपर्क कार्यालय के सामने तक रैली निकाली जाएगी. एबीवीपी का कहना है कि पिछले कुछ महिनों में देश में छात्र आंदोलन के नाम पर अराजकता फैलाने और संवैधानिक संस्थाओं पर प्रहार करने का प्रयास किया जा रहा है. इसके विरोध में 26 अक्टूबर को प्रदर्शन-रैली का आयोजन किया जाएगा.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

