CG Morning News : रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायपुर और दुर्ग जिले के दौरे पर रहेंगे. सुबह 11:30 बजे वे मुख्यमंत्री निवास में आयोजित बैठक में शामिल होंगे. इसके बाद दोपहर 12:30 बजे दुर्ग के जामगांव (एम) में आयोजित राज्य स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव में शामिल होंगे. वहीं दोपहर 2:45 बजे मुख्यमंत्री इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) के कृषक सभागार पहुंचकर गौ सेवा संगम कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे.
जामगांव में होगा राज्य स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव
रायपुर. दुर्ग जिले के जामगांव (एम) में आज दोपहर 12 बजे से राज्य स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन किया जाएगा. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे और नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत करेंगे. कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव के अलावा पाटन विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी इसमें मौजूद रहेंगे.
ग्राम पंचायतों में आज होगी विशेष ग्राम सभा
रायपुर. प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में आज विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा. ग्राम सभा में ‘विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन (VB-G RAM-G)’ पर चर्चा होगी और पंचायतों की आवश्यकताओं के अनुसार विकास कार्यों को मंजूरी दी जाएगी. यह मिशन 1 जुलाई से पूरे प्रदेश में लागू है. प्रत्येक ग्राम पंचायत में ग्राम सभा के लिए पीठासीन अधिकारी की नियुक्ति की जाएगी और बैठक के बाद विस्तृत रिपोर्ट संबंधित जिला कार्यालय को भेजी जाएगी.
फिल्म ‘राम-नामी’ को ‘सर्वश्रेष्ठ डॉक्यूमेंट्री’ का सम्मान
रायपुर. 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में छत्तीसगढ़ के अद्वितीय रामनामी समुदाय की अटूट रामभक्ति, संस्कृति और समृद्ध विरासत पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘राम-नामी’ को ‘सर्वश्रेष्ठ डॉक्यूमेंट्री’ का सम्मान मिला है. इस मौके पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स में ट्वीट कर लिखा कि यह पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है. उन्होंने फिल्म के निर्देशक भरतबाला गणपति और उनकी पूरी टीम को इस उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी. उन्होंने कहा कि रामनामी समाज की अनूठी परंपरा हमारी लोक संस्कृति का गौरवशाली प्रतीक है. यह सम्मान छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय पटल पर नई पहचान दिलाएगा.

रायपुर में आज के कार्यक्रम
रंगीला सावन प्रदर्शनी
आयोजक- गुढ़ियारी माहेश्वरी महिला संगठन
स्थान- गुढ़ियारी स्थित मारुति मंगलम भवन
समय- सुबह 10 बजे से.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


