CG Morning News : रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज मंत्रालय में एक महत्वपूर्ण बैठक करने वाले हैं. दोपहर 12 बजे से 2:45 बजे तक होने वाली इस बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है. बैठक में प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था, विभागीय एवं विकास कार्यों की समीक्षा, योजनाओं की प्रगति पर फोकस किया जा सकता है. साथ ही अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए जा सकते हैं. बैठक के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सीएम हाउस के लिए होंगे रवाना.

पद्मश्री फूलबासन ही सुरक्षित नहीं, कानून व्यवस्था बदतर : कांग्रेस

रायपुर. पद्मश्री फूलबासन बाई के अपहरण की कोशिश की घटना सामने आने के बाद कांग्रेस ने फिर कानून व्यवस्था पर सवाल दागे. संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि जब पद्मश्री प्राप्त महिला ही सुरक्षित नहीं है तो आम महिलाओं की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है. उन्होंने आरोप लगाए कि प्रदेश में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं. रोजाना ही बलात्कार, गैंगरेप की घटनाएं हो रही है. बदतर होती कानून व्यवस्था की सरकार को चिंता नहीं है. गृह मंत्री तो प्रदेश को भगवान भरोसे छोड़ एक माह चुनाव प्रचार में व्यस्त थे. संचार प्रमुख ने आरोप जड़े कि भाजपा सरकार महिलाओं को सुरक्षित भयमुक्त वातावरण देने में नाकाम साबित हुई है. अपराधियों में कानून का डर खत्म हो गया है. संरक्षण मिलने से असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं.

महिला कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस स्थगित

रायपुर. छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस की कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष संगीता सिन्हा प्रेस कॉन्फ्रेंस लेने वाली थी, जिसे अब स्थगित कर दिया गया है. बता दें कि कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद संगीता सिन्हा की यह पहली प्रेस कॉन्फ़्रेंस होने वाली थी.

narayana

चांपा और तिलई में लगेगा जनसमस्या निवारण शिविर 

रायपुर. “सुशासन तिहार 2026” के अंतर्गत 6 मई को जांजगीर-चांपा जिले में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे.इस क्रम में नगर पालिका चांपा के वार्ड क्रमांक 1 में रूद्रेश्वर शरण सिंह सामुदायिक भवन में शिविर आयोजित होगा. वहीं जनपद पंचायत अकलतरा अंतर्गत ग्राम पंचायत तिलई के शासकीय हाई स्कूल परिसर में भी शिविर लगाया जाएगा. इन शिविरों में नागरिक अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे, जिनका त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा. साथ ही विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी एवं पात्र हितग्राहियों को लाभ भी प्रदान किया जाएगा.

यूनियन क्लब में आज से 5 खेलों का समर कैंप

रायपुर. मोतीबाग चौक के पास स्थित यूनियन क्लब में 6 मई से 15 जून तक बच्चों और युवाओं के लिए स्वीमिंग, बैडमिंटन और टेनिस का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा. इस समर कैंप का उद्घाटन विधायक पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी और महापौर मीनल चौबे करेंगी. क्लब के अध्यक्ष गुरुचरण सिंग होरा ने बताया कि स्वीमिंग का समय सुबह 8 से 10 और लॉन टेनिस व बैडमिंटन की कोचिंग प्रतिदिन शाम को आयोजित की जाएगी. इसके अलावा टेबल टेनिस और बिलियर्ड्स को भी शामिल किया गया है.