CG Morning News : रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सुबह 9:55 बजे बीजेपी प्रदेश कार्यालय पहुंचेंगे और बैठक में शामिल होंगे. वह सुबह 10:40 बजे अभनपुर के अनमोल आश्रय स्थल पहुंचेंगे, जहां वह 11:40 बजे तक पीएम मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का श्रवण करेंगे. सीएम दोपहर 12 बजे बीजेपी प्रदेश कार्यालय पहुंचेंगे.

स्मृति ईरानी का छत्तीसगढ़ दौरा

रायपुर. भाजपा प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी और सह प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू आज से छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे. दोनों की मौजूदगी में दिनभर बैठकों का दौर चलेगा. सुबह 11 बजे से 11:30 बजे तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना जाएगा. इसके बाद सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री संगठन और प्रदेश महामंत्रियों के साथ संगठनात्मक बैठक होगी. दोपहर 12:30 बजे से 1:30 बजे तक प्रदेश पदाधिकारियों के साथ समीक्षा और आगामी रणनीति पर चर्चा की जाएगी. वहीं, दोपहर 1:30 बजे से 2:30 बजे तक संभाग प्रभारी, सह प्रभारी, जिला प्रभारी, जिला सह प्रभारी और जिला अध्यक्षों की संयुक्त बैठक आयोजित होगी. शाम 3:30 बजे से 5 बजे तक पूर्व सांसदों और पूर्व विधायकों के साथ अहम बैठक होगी, जबकि शाम 5:30 बजे से 7 बजे तक पार्टी के पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों के साथ संवाद किया जाएगा. इसके बाद शाम 7 बजे से रात 8:30 बजे तक भाजपा कोर ग्रुप की महत्वपूर्ण बैठक होगी. 

MP शोभा बाछव की प्रेस कॉन्फ्रेंस आज

रायपुर. AICC ऑब्जर्वर और सांसद शोभा बाछव आज सुबह 11 बजे कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगी. इस दौरान SIR समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है.

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 की तैयारियां तेज

रायपुर. छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं. एक से तीन नवंबर तक नवा रायपुर में राज्योत्सव का आयोजन होगा. कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया करेंगे, जबकि समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शामिल होने की संभावना है. आयोजन में सूर्यकिरण टीम के नौ विमान एयर शो प्रस्तुत करेंगे. इसके अलावा गायक अभिजीत भट्टाचार्य और पलक मुच्छल की प्रस्तुतियां भी होंगी. इस वर्ष राज्योत्सव की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है. तीन नवंबर को 40 राज्य स्तरीय अलंकरण और पुरस्कारों से प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा.

हॉकी लीग में आज दो मुकाबले

रायपुर. छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में शनिवार को च्रकधर चैंपियंस और न्याधानी नाइट्स ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की. राजधानी रॉयल्स को चक्रधर ने 4-3 से हराकर सेमीफाइनल के करीब पहुंच गई. वहीं संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को न्यायधानी ने 5-3 से मात दे दी. वहीं आज यानी रविवार को शाम 530 बजे न्यायधानी नाइट्स और बैलाडीला बुल्स और शाम 730 बजे राजधानी रॉयल्स और मैनपाट के बीच मुकाबला खेला जाएगा.

शहर में आज के कार्यक्रम

विश्व पोलियो दिवस पर जागरूकता रैली का आयोजन

रायपुर. विश्व पोलियो दिवस 2026 के अवसर पर पोलियो उन्मूलन के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से राजधानी रायपुर में 25 अक्टूबर रविवार को भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया. रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3261 के अंतर्गत रायपुर के सभी रोटरी क्लब, रोट्रैक्ट क्लब और इंटरैक्ट क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में रायपुर वेलफेयर फाउंडेशन सोसाइटी भी सहयोगी की भूमिका निभाई. आयोजकों के अनुसार, जागरूकता रैली रविवार सुबह 6:45 बजे मरीन ड्राइव रायपुर से शुरू हुई. रैली जीई रोड स्थित ऑक्सीजोन गार्डन तक पहुंचेगी. यहां हनुमान मंदिर परिसर के पास विभिन्न जनजागरूकता एवं सामाजिक गतिविधियां आयोजित हुई.

अभनपुर में आज शरद पूर्णिमा महोत्सव

अभनपुर. रायपुर जिले के अभनपुर में 25 अक्टूबर को शरद पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा. ब्लॉक कॉलोनी मैदान (रावणभाठा) में शाम 7:30 बजे मां दुर्गा की आरती होगी, जिसके बाद रात 8 बजे से कार्यक्रम शुरू होगा. इसमें लोक गायिका अलका चंद्राकर प्रस्तुति देंगी, जबकि कथावाचक पंडित युवराज पांडेय शरद पूर्णिमा के महात्म्य पर प्रकाश डालेंगे.

गोदड़ीवाला धाम में आज विशेष पूजन अनुष्ठान

रायपुर. देवपुरी स्थित गोदड़ीवाला धाम में संत बाबा हरदासराम व संत बाबा गेलाराम के आशीर्वाद एवं महंत अम्मा मीरा देवी के सानिध्य में रविवार, 25 अक्टूबर को शरद पूर्णिमा पर दोपहर 12.30 बजे भगवान सत्यनारायण की कथा, आरती व संत बाबा की मदाह, सत्संग, भजन-कीर्तन, अरदास एवं पल्लव के कार्यक्रम होंगे. अपरान्ह 3 बजे भंडारा प्रसाद वितरित किया जाएगा. इस अवसर पर दरबार के सेवादारी इंदर सचदेव, हरि इसरानी, अमर गिदवानी, सतीश थोरानी, पवन प्रीतवानी व सभी सेवादारों की प्रमुख सहभागिता रहेगी.

मां महामाया मंदिर में आज शरद पूर्णिमा उत्सव

रायपुर. मां महामाया देवी मंदिर पुरानी बस्ती में रविवार को शरद पूर्णिमा उत्सव मनाया जाएगा. इस पावन प्रसंग पर मां महामाया देवी, मां समलेश्वरी देवी एवं परिसर में प्रतिष्ठत अन्य सभी श्रीविग्रहों का भव्य श्रृंगार कर आरती की जाएगी. मंदिर परिसर में ही खुले आसमान के नीचे खीर बनाकर, भोग लगाने के बाद उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा.

आचार्य विद्यासागर और आचार्य समयसागर के अवतरण महापर्व पर शरदोत्सव आज से

रायपुर. समाधिस्थ राष्ट्रसंत आचार्यश्री विद्यासागर और वर्तमान परंपराचार्य आचार्यश्री 108 समयसागर के अवतरण महापर्व के अवसर पर रायपुर में दो दिवसीय शरद पूर्णिमा महोत्सव ‘शरदोत्सव वर्ष 2026’ का शुभारंभ रविवार, 25 अक्टूबर को होगा. सकल दिगम्बर जैन समाज रायपुर की ओर से आयोजित इस महोत्सव में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भक्ति संगीत, नृत्य प्रस्तुतियां, प्रतियोगिताएं और प्रवचन होंगे. ये कार्यक्रम प्रथम दिवस श्रीवाल्मीकि सभागार, श्री राम मंदिर परिसर, वीआईपी रोड और द्वितीय दिवस शंकरनगर स्थित श्रीचंद्रप्रभ जिनालय परिसर में होंगे. इस महोत्सव में मुनिश्री आगम सागर, मुनिश्री पुनीत सागर, ऐलकश्री धैर्य सागर और ऐलकश्री स्वागत सागर का पावन सानिध्य प्राप्त होगा. 

आज सजेगी सुरों की महफिल

रायपुर. जेल रोड स्थित पं. जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के सभागार में रविवार, 25 अक्टूबर की शाम संगीत के स्वर्णिम दौर के नाम होने जा रही है. ‘द नॉस्टैल्जिया प्रोजेक्ट द गोल्डन फाइव’ शीर्षक से बहुप्रतीक्षित लाइव संगीत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. छत्तीसगढ़ गोल्ड रिफाइनरी द्वारा प्रस्तुत इस भव्य कॉन्सर्ट में 50 से 70 के दशक के महान फनकारों- लता मंगेशकर, मोहम्मद रफी, मुकेश, मन्ना डे और आशा भोसले के गीतों की सुरमयी प्रस्तुतियां दी जाएंगी. यह कार्यक्रम शाम ठीक 7:30 बजे से शुरू होगा.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H