CG Morning News : रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे. मुख्यमंत्री सुबह 9:40 बजे भिलाई के जयंती स्टेडियम पहुंचेंगे, जहां उनका समय आरक्षित रहेगा. इसके बाद 10:50 बजे गुढ़ियारी स्थित मारुति मंगल भवन पहुंचेंगे और यहां कांवड़ यात्रा कार्यक्रम में शामिल होंगे. वह दोपहर 12:05 बजे मुख्यमंत्री निवास पहुंचेंगे. दोपहर 2 बजे रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम पहुंचेंगे, जहां दोपहर 2 से 3 बजे तक “SAMVAD 2026” Chhattisgarh Solar Welfare Association के कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके बाद दोपहर 3:15 बजे संत धरमदास संग्रहालय सभागार पहुंचकर पुस्तक विमोचन समारोह में शामिल होंगे. शाम करीब 4:05 बजे सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास पहुंचेंगे.

रायपुर में आज निकलेगी विराट कांवड़ यात्रा

रायपुर. शहर  में आज भव्य कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी. करीब 10 हजार कांवड़िए बाबा हटकेश्वरनाथ का जलाभिषेक करेंगे. यात्रा की शुरुआत से पहले सुबह 8 बजे मारुति मंगलम में पूजन होगा और सुबह 9 बजे यहीं से कांवड़ यात्रा रवाना होगी. यात्रा गुढ़ियारी से महादेव घाट तक निकाली जाएगी. इसमें उत्तर प्रदेश, दिल्ली, केरल, महाराष्ट्र और ओडिशा से आए कांवड़ियों के दल भी शामिल होंगे. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत कई वरिष्ठ नेता यात्रा में शामिल होंगे. विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और सांसद बृजमोहन अग्रवाल की भी मौजूदगी रहेगी.

LPG सिलेंडर के लिए ई-केवाईसी का अंतिम दिन आज

रायपुर. LPG उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी कराने का आज अंतिम दिन है. ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की डिलीवरी नहीं मिलने की बात कही गई है. छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में ई-केवाईसी अभियान चलाया जा रहा है. गैस एजेंसियों ने उपभोक्ताओं से जल्द से जल्द प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है.

खाद्य विभाग के ‘बने खाओ-बने रहिबो 2.0’ अभियान का आज आखिरी दिन

रायपुर. खाद्य विभाग का ‘बने खाओ-बने रहिबो 2.0’ अभियान आज समाप्त होगा. अभियान के तहत प्रदेशभर में खाद्य विभाग की टीमें खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच कर रही हैं और मिलावट पाए जाने पर कार्रवाई की जा रही है. बिलासपुर, राजनांदगांव, रायगढ़ और खैरागढ़ समेत कई जिलों में अब तक कार्रवाई की जा चुकी है.

राखी डाक के लिए आज भी खुले रहेंगे विशेष डाकघर काउंटर

रायपुर. रक्षाबंधन के ध्यान में रखते हुए डाक विभाग ने रायपुर संभाग के अंतर्गत आने वाले डाकघरों के संचालन को लेकर विशेष व्यवस्था की है. 23 अगस्त (रविवार) को रायपुर संभाग के सभी विभागीय डाकघरों (प्रधान डाकघर, मुख्य डाकघर और उप-डाकघर के काउंटर आम जनता के लिए खुले रहेंगे, ताकि रक्षाबंधन के लिए राखियों की बुकिंग और प्रेषण का कार्य सुचारू रूप से किया जा सके. इसके अलावा नागरिकों को प्रशासनिक सुविधाओं का लाभ प्रदान करने के उद्देश्य से 23 अगस्त को रायपुर प्रधान डाकघर में कार्यालयीन समय के दौरान आधार पंजीयन व अद्यतनीकरण (अपडेशन) का कार्य भी नियमित रूप से चालू रहेगा. डाक विभाग ने जन सामान्य से अपील की है कि वे रविवार को अपने निकटतम विभागीय डाकघर जाकर इन विशेष सुविधाओं का लाभ उठाएं.

अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के तहत सम्मान समारोह कल

रायपुर. अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के तहत सम्मान समारोह का आयोजन कल किया जाएगा. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे, जबकि श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे. योजना के तहत सीटों की संख्या 100 से बढ़ाकर 200 कर दी गई है. अब निर्माण श्रमिकों के बच्चों को कक्षा 6वीं से 12वीं तक श्रेष्ठ आवासीय विद्यालयों में निःशुल्क आवासीय शिक्षा मिलेगी. बच्चों की शिक्षा का पूरा खर्च श्रम विभाग वहन करेगा.

हज यात्रा के लिए 82 चयनित

रायपुर. छत्तीसगढ़ से हज यात्रा के लिए आवेदन करने वाले प्रतीक्षा सूची के 82 आवेदकों का चयन हो गया है. राज्य हज कमेटी के चेयरमैन मिर्जा एजाज बेग ने बताया कि हज कमेटी ऑफ इंडिया से मिली जानकारी के अनुसार प्रतीक्षा सूची में क्रमांक 1 से 82 तक के आवेदकों को हज यात्रा के लिए चयनित किया गया है. चयनित हज यात्रियों को पहली किस्त के रूप में प्रति हाजी 1 लाख 52 हजार 300 रुपये की राशि 30 अगस्त तक जमा करनी होगी.

रायपुर में आज के कार्यक्रम

संस्था नोवा नेचर का सम्मान

आयोजक – महाराष्ट्र मंडल रायपुर

स्थान- चौबे कॉलोनी स्थित महाराष्ट्र मंडल भवन

समय- सुबह 11 बजे से.

आईआईटी फोटोग्राफी चैंपियनशिप

आयोजक – महाकोशल कला परिषद

स्थान- राजकुमार कॉलेज परिसर

समय प्रातः 8 से दोपहर 2 बजे तक.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H