CG Morning News : रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज मंत्रालय में विभागीय समीक्षा बैठक में शामिल होंगे. वह सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री निवास से मंत्रालय के लिए रवाना होंगे. 11:30 बजे से मंत्रालय में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक करेंगे. दोपहर बाद मुख्यमंत्री भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर पहुंचेंगे. जहां वह बैठकों और संगठनात्मक कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे. रात 9:15 बजे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे.
भाजपा में आज से बैठकों का दौर
रायपुर. भाजपा के राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री शिवप्रकाश सिंह आज दो दिवसीय प्रवास पर छत्तीसगढ़ पहुंच रहे हैं. वे मुंबई से दोपहर में रायपुर पहुंचेंगे. उनके दौरे के साथ ही प्रदेश भाजपा में महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठकों का सिलसिला शुरू होगा. मंगलवार को दोपहर 3 बजे प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक और शाम 6 बजे प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित होगी. वहीं बुधवार सुबह प्रदेश महामंत्रियों की बैठक तथा दोपहर में प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजकों की बैठक होगी. इन बैठकों में प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सहित संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल रहेंगे. माना जा रहा है कि बैठकों में संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों और 2028 विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी.
प्रदेशभर में AAP करेगी हनुमान चालीसा का पाठ
रायपुर. आम आदमी पार्टी (आप) छत्तीसगढ़ ने मंगलवार को सभी 90 विधानसभा में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ आयोजित करने की घोषणा की है. पार्टी का कहना है कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश और देश में शांति, सद्भाव, सामाजिक समरसता तथा जनकल्याण की भावना को बढ़ावा देना है. जानकारी के मुताबिक, इस कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल होंगे. आयोजन के दौरान देश और छत्तीसगढ़ की खुशहाली, सामाजिक सौहार्द और सकारात्मक वातावरण की कामना की जाएगी.
हावड़ा की बजाय संतरागाछी और शालीमार से चलेगी ट्रेनें
रायपुर. पूर्व रेलवे के हावड़ा मंडल में हावड़ा स्टेशन पर प्लेटफॉर्म संख्या 24 को लिंक केबिन से जोड़ने के लिए किए जाने वाले कमीशनिंग कार्य के कारण कई महत्वपूर्ण यात्री ट्रेनों के परिचालन में अस्थायी बदलाव किया गया है. यह कार्य 24 से 27 जुलाई 2026 तक नॉन-इंटरलॉकिंग (एनआई) ब्लॉक के तहत किया जाएगा. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस अवधि में कुछ ट्रेनें हावड़ा स्टेशन के स्थान पर सांतरागाछी या शालीमार स्टेशन से प्रारंभ अथवा समाप्त होंगी. रेलवे के अनुसार 24 और 25 जुलाई को हावड़ा से रवाना होने वाली 12834 हावड़ा-अहमदाबाद एक्सप्रेस शालीमार स्टेशन से संचालित होगी. वहीं, 24 और 25 जुलाई को सीएसएमटी से चलने वाली 12859 सीएसएमटी-हावड़ा गीतांजली एक्सप्रेस सांतरागाछी स्टेशन पर समाप्त होगी. इसके अलावा 25 और 26 जुलाई को हावड़ा से रवाना होने वाली 12860 हावड़ा-सीएसएमटी गीतांजली एक्सप्रेस सांतरागाछी से प्रारंभ होगी.

रायपुर में आज के कार्यक्रम
महंत हरिदास त्यागी पुण्यतिथि संस्थान – श्रीसंकट मोचन वीर हनुमान मंदिर स्थान- बूढ़ेश्वर चौक स्थित मंदिर परिसर
समय- सुबह 10.30 बजे से.
सिद्ध चक्र महामंडल विधान
संस्थान – श्रीमुनि सुव्रतनाथ दिगंबर जैन मंदिर ट्रस्ट स्थान- अमलतास केसल, कचना स्थित मंदिर में समय- सुबह 10 बजे से.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


