CG Morning News : रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे. सुबह 11 बजे IGKV में यूथ इनोवेशन एवं एंटरप्रेन्योरशिप कॉन्क्लेव में शामिल होने के बाद दोपहर 12.30 बजे मंत्रालय में परिवहन विभाग की समीक्षा बैठक लेंगे. इसके बाद दोपहर 3 बजे पारस पोर्टल की समीक्षा बैठक और शाम 5 बजे जल संसाधन विभाग के कार्यों की समीक्षा करेंगे. शाम 6 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित सेवा संकल्प यात्रा एवं युवा संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे. सभी कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री अपने रायपुर स्थित निवास लौटेंगे.
IGKV में यूथ कॉन्क्लेव आज से
रायपुर. इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) में आज सुबह 11 बजे से तीन दिवसीय यूथ इनोवेशन एवं एंटरप्रेन्योरशिप कॉन्क्लेव आयोजित होगा. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम में शामिल होंगे और युवा विद्यार्थियों एवं स्टार्टअप उद्यमियों से संवाद करेंगे. कॉन्क्लेव का उद्देश्य युवाओं के नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देना है. इस दौरान मुख्यमंत्री साय नवनिर्मित सुभाष चंद्र बोस बायोटेक्नोलॉजी इन्क्यूबेशन सेंटर का अवलोकन भी करेंगे. कार्यक्रम के जरिए युवाओं को ‘विचार से नवाचार और नवाचार से उद्यमिता’ की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा.
वडनगर और बस्तर की सेवा संकल्प यात्रा आज पहुंचेंगी रायपुर
रायपुर. राजधानी रायपुर में मंगलवार को ‘जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा’ का दल पहुंचेगा. वडनगर से शुरू हुई यह यात्रा पहले दुर्ग जिले में प्रवेश करेगी और इसके बाद रायपुर पहुंचेगी. वहीं, बस्तर से निकली भाजयुमो की सेवा संकल्प यात्रा भी राजधानी पहुंचेगी. रायपुर के साइंस कॉलेज स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में शाम 5.30 बजे दोनों यात्राओं से जुड़े युवाओं और बच्चों का संवाद कार्यक्रम आयोजित होगा. इस दौरान बस्तर के नक्सल पीड़ित परिवारों के युवाओं और बच्चों से संवाद किया जाएगा. कार्यक्रम में बस्तर ओलंपिक में शामिल होने वाले खिलाड़ी, प्रयास अकादमी के विद्यार्थी और सरकार की ओर से शिक्षा प्राप्त कर रहे अन्य बच्चे शामिल होंगे. बस्तर से बाइक रैली के जरिए रायपुर पहुंचने वाले नक्सल पीड़ित परिवारों के 50 युवा भी कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे. कुल मिलाकर करीब 400 युवा और बच्चे संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, डिप्टी सीएम अरुण साव और विजय शर्मा समेत प्रदेश के कई मंत्री, विधायक और सांसद मौजूद रहेंगे. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम को संबोधित भी करेंगे.

महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों की होगी सुनवाई
सूरजपुर. छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग द्वारा महिलाओं के उत्पीड़न से संबंधित प्रकरणों की संयुक्त सुनवाई 29 सितंबर को जिला पंचायत सभाकक्ष, अंबिकापुर में आयोजित की जाएगी. सुनवाई प्रातः 11 बजे से होगी. आयोग द्वारा सरगुजा संभाग के सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर, कोरिया, बलरामपुर एवं मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिलों से प्राप्त प्रकरणों की सुनवाई की जाएगी. निर्धारित सुनवाई में कुल 33 प्रकरण शामिल हैं. महिला आयोग ने संबंधित पक्षकारों को सुनवाई में उपस्थित कराने के लिए संबंधित थाना प्रभारियों को आवश्यक कार्रवाई कर नोटिस तामील कराने के निर्देश दिए हैं. साथ ही सुनवाई तिथि पर जिम्मेदार अधिकारी, आरक्षक और महिला आरक्षक की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए हैं.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


