CG Morning News : रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज बालोद के मचांद गांव पहुंचकर दिवंगत विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा को श्रद्धांजलि देंगे. निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, मुख्यमंत्री दोपहर 1:10 बजे रायपुर से बालोद के लिए रवाना होंगे. दोपहर 1:30 बजे बालोद के ग्राम मचांद (भाठा) हेलीपेड पहुंचेंगे. इसके बाद दोपहर 1:40 से 3:30 बजे तक ग्राम भेण्ड्रा में रहेंगे. अंतिम संस्कार कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री रायपुर लौटेंगे और शाम 4:15 बजे मुख्यमंत्री निवास पहुंचेंगे.
दिवंगत MLA डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का आज होगा अंतिम संस्कार
रायपुर. दिवंगत विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का पार्थिव शरीर आज सुबह 8:30 बजे रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेगा. यहां से सुबह 10:15 बजे पार्थिव देह को भिलाई-3 स्थित शासकीय आवास ले जाया जाएगा, जहां लोग अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे. इसके बाद दुर्ग के जवाहर नगर में भी अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि का कार्यक्रम रखा गया है. दोपहर 1 बजे पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव भेण्ड्रा (गुंडरदेही) पहुंचेगा. यहां दोपहर 2 बजे अंतिम संस्कार किया जाएगा.
स्वामी आत्मानंद स्कूलों में संविदा पदों के लिए भर्ती परीक्षा आज से
रायपुर. प्रदेश में संचालित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में रिक्त 1812 पदों पर संविदा भर्ती के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) 31 अक्टूबर से आयोजित की जा रही है. परीक्षा 4 नवंबर तक चलेगी. परीक्षा तीन पालियों में आयोजित की जाएगी. प्रथम पाली सुबह 8.30 बजे से 10.30 बजे तक, द्वितीय पाली दोपहर 12.30 बजे से 2.30 बजे तक और तृतीय पाली शाम 4.30 बजे से 6.30 बजे तक आयोजित होगी. अभ्यर्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से 90 मिनट अर्थात 1.30 घंटे पहले परीक्षा केंद्र में पहुंचना होगा. परीक्षा प्रारंभ होने के 15 मिनट पहले परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा.
CG Morning News : भाजपा की रैली स्थगित
रायपुर. प्रदेश भाजपा संगठन ने कांग्रेस के खिलाफ प्रदेशभर में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ” रैली आयोजित करने का फैसला किया है. शनिवार को राजधानी रायपुर में होने वाली रैली को स्थगित कर दिया गया है. अब यह रैली पांच नवंबर को होगी. रैली को स्थगित करने का कारण अहिवारा के भाजपा विधायक का निधन है. रायपुर में होने वाली रैली की तैयारी कर ली गई थी, लेकिन अहिवारा के विधायक के निधन की खबर आने पर प्रदेश भाजपा संगठन ने इस रैली को स्थगित करने का फैसला किया है.

CG Morning News : छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में आज सेमीफाइनल मुकाबलों का रोमांच
रायपुर. बैलाडिला बुल्स के लिए अपने आखिरी लीग मैच में इससे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद नहीं की जा सकती थी. आज की जीत ही उसे सेमीफाइनल में पहुंचा सकती थी. टीम ने उम्दा प्रदर्शन करते हुए चक्रधर चैंपियंस को 6-2 से करारी शिकस्त देकर सेमीफाइनल में जगह बनाई. इस परिणाम के साथ ही संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने भी टूर्नामेंट के नॉकआउट चरण में अपनी जगह पक्की कर ली. अब टॉप क्वालीफायर के रूप में न्यायधानी नाइट्स 31 अक्टूबर को शाम 5:30 बजे संस्कारधानी का सामना करेगी, जबकि इसके बाद शाम 7:30 बजे बैलाडिला और मैनपाट के बीच दूसरा सेमीफाइनल होगा. संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने मैनपाट टाइटन्स को 4-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

