CG Morning News : रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायगढ़ जिले के दौरे पर रहेंगे, जहां वे विभिन्न धार्मिक और अन्य कार्यक्रमों में शामिल होंगे. सुबह रायपुर के सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास से रवाना होकर वे ग्राम पंचायत बनोरा स्थित अघोर आश्रम में गुरु दर्शन करेंगे. इसके बाद मुख्यमंत्री कैलाशपति धाम मनकामेश्वर शिव मंदिर, पंडरीपानी और श्री सत्यनारायण बाबा धाम, कोसमनारा पहुंचेंगे. इन  कार्यक्रमों के बाद दोपहर में वे हेलीकॉप्टर से रायपुर लौटेंगे. वहीं रात 8:30 बजे मुख्यमंत्री निवास से स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे और रात 9:30 बजे इंडिगो की फ्लाइट 6E-5347 से नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे. रात 11:25 बजे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद वे छत्तीसगढ़ सदन में रात्रि विश्राम करेंगे.

आज से बीजेपी का ‘समरसता संकल्प अभियान’ शुरू 

रायपुर. संत रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी आज से राष्ट्रव्यापी ‘समरसता संकल्प अभियान’ की शुरुआत करेगी. यह अभियान आज से 20 फरवरी 2027 तक पूरे देश में चलाया जाएगा. अभियान के तहत विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. पहले दिन देशभर के मंदिरों में ‘समरसता दीप महोत्सव’ का आयोजन होगा, जिसके अंतर्गत लगभग 51 हजार मंदिरों में दीप प्रज्वलित कर सामाजिक समरसता और एकता का संदेश दिया जाएगा.

कैशलैस चिकित्सा सुविधा पर होगी बैठक

रायपुर. छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा ने कहा, फेडरेशन द्वारा 7 जुलाई को मुख्य सचिव विकास शील को पत्र भेजा गया गया था कि कैशलैस चिकित्सा सुविधा योजना लागू करने से पूर्व कर्मचारी संगठनों से विस्तृत विचार-विमर्श किया जाए, ताकि योजना कर्मचारियों के हितों के अनुरूप, व्यवहारिक एवं प्रभावी रूप से लागू की जा सके. बजट घोषणा के कई माह बाद भी राज्य शासन द्वारा शासकीय कर्मचारियों के लिए कैशलैस चिकित्सा सुविधा योजना को लागू करने के लिए 29 जुलाई को मंत्रालय कमचारी में साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की योजना के संचालन संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश, पात्रता, अस्पतालों का पंजीयन, उपचार प्रक्रिया और अन्य महत्वपूर्ण प्रावधान जारी नहीं होने से कर्मचारियों के बीच भ्रम और असमंजस की स्थिति बनी हुई है. इसीलिए योजना लागू करने से पूर्व कर्मचारी संगठनों के सुझाव प्राप्त करना आवश्यक है. मुख्य सचिव द्वारा इस विषय को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग को कर्मचारी संगठनों के साथ बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं. उनके निर्देशों के पालन में स्वास्थ्य सचिव द्वारा 29 जुलाई को मंत्रालय में बैठक आयोजित की गई है. जिसमें कैशलैस चिकित्सा सुविधा योजना के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जाएगी. कैशलेस चिकित्सा व्यवस्था शुरू होने से कर्मचारियों और अधिकारियों को काफी हद तक फायदा मिलेगा. बीमारी की स्थिति में तत्काल और बेहतर इलाज मिलने से उनकी मुश्किलें दूर होंगी.

दिल्ली में छत्तीसगढ़ कांग्रेस की समीक्षा बैठक आज

रायपुर. नई दिल्ली में आज छत्तीसगढ़ कांग्रेस की अहम समीक्षा बैठक होगी, जिसकी राहुल गांधी अध्यक्षता कर सकते हैं. बैठक में पीसीसी चीफ दीपक बैज, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत समेत छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे. कांग्रेस आलाकमान प्रदेश संगठन के प्रदर्शन की समीक्षा करेगा. वहीं संगठनात्मक बदलाव के साथ आगामी चुनाव को लेकर किस रणनीति के साथ काम करना है इसपर चर्चा हो सकती है. 

जिला पंचायत सामान्य सभा की बैठक आज

जांजगीर-चांपा : जिला पंचायत सामान्य सभा की बैठक मंगलवार को दोपहर 11.30 बजे से जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित की गई है. बैठक में विभिन्न एजेण्डा पर चर्चा की जाएगी. जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम ने सभी संबंधित अधिकारियों को अद्यतन जानकारी के साथ बैठक में उपस्थित होने कहा है.

रैम्प योजना के तहत निर्यात प्रक्रिया पर होगी कार्यशाला 

सक्ती. जिले में निर्यात को बढ़ावा देने एवं बेहतर क्रियान्वयन के उद्देश्य से कार्यालय महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, सक्ती द्वारा 29 जुलाई 2026, बुधवार को दोपहर 2:30 बजे से निर्यात प्रक्रिया (रजिस्ट्रेशन से शिपमेंट तक) विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा. यह कार्यशाला गिरिराज रैन बसेरा, स्टेशन रोड, सक्ती में आयोजित होगी. कार्यशाला में निर्यात प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्रदान की जाएगी, जिससे उद्यमियों को निर्यात कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन में सहायता मिल सके. जिले के समस्त उद्यमियों से उक्त कार्यशाला में उपस्थित होकर इसका लाभ लेने का आग्रह किया गया है.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H