CG Morning News : रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंगलवार शाम फिर नई दिल्ली जाएंगे. निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री आज मंत्रालय में लेंगे अहम बैठक. सुबह करीब 11:30 से 12:30 बजे तक सामान्य प्रशासन विभाग की बैठक लेंगे. इसके बाद दोपहर 12:30 से 1:30 बजे तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ की बैठक में शामिल होंगे. फिर दोपहर 2:30 बजे वापस मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे. सीएम साय इंडिगो की शाम 4.50 की रेगुलर फ्लाइट से रवाना होकर शाम 6.45 बजे दिल्ली पहुंचेंगे. वह दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ भवन में ही रात्रि विश्राम करेंगे.
UCC पर मुस्लिम समाज की बैठक आज
रायपुर. राज्य शासन द्वारा छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है. इसके लिए राज्य स्तरीय समिति का गठन किया गया है. उक्त समिति को सुझाव देने के लिए रायपुर मुस्लिम समाज की ओर से एक दिवसीय बैठक का आयोजन किया गया है. यह बैठक आज राजधानी के गुरु घासीदास ऑडिटोरियम, कलेक्ट्रेट चौक, रायपुर में आयोजित की जाएगी. बैठक में मुस्लिम समाज के बुद्धिजीवियों द्वारा दिए गए सुझावों को एकत्रित किया जाएगा. इसके लिए रायपुर की समस्त मस्जिदों में जुमा को ऐलान के माध्यम से सूचना दी गई है. उक्त बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में शहर काजी डॉ. मोहम्मद इमरान अशरफी उपस्थित रहेंगे और अध्यक्षता वरिष्ठ अधिवक्ता फैसल रिजवी करेंगे. मुस्लिम समाज के सुझावों को बैठक में एकत्रित कर शाम 4 बजे समान नागरिक संहिता (यूसीसी) समिति को सौंपा जाएगा.
नंदनवन का 50 करोड़ से होगा कायाकल्प
रायपुर. रायपुर जिले के अटारी गांव स्थित नंदनवन को अब एक नए और आकर्षक स्वरूप में पुनर्विकसित किया जाएगा. मंत्रालय महानदी भवन में हुई एक उच्चस्तरीय बैठक के दौरान वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अधिकारियों ने मुख्य सचिव विकासशील के समक्ष नंदनवन पुनर्विकास की प्रस्तावित परियोजना का प्रस्तुतिकरण दिया. नंदनवन के कायाकल्प और विकास कार्य में लगभग 50 करोड़ रुपए का निवेश अनुमानित है. पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल के तहत यह पूरी परियोजना पीपीपी मॉडल पर आधारित होगी. बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए बॉटनिकल गार्डन को नए सिरे से पुनर्जीवित और विकसित किया जाएगा. मुख्य सचिव ने परियोजना में पर्यटकों की सुविधा और आकर्षण को ध्यान में रखते हुए विभिन्न जनसुविधाएं विकसित करने के कड़े निर्देश दिए हैं.

आज से शुरू होगा ‘साक्षरता पखवाड़ा’
रायपुर. राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत छत्तीसगढ़ में 15 वर्ष से अधिक आयु के असाक्षर वयस्कों को शिक्षित और सशक्त बनाने के उद्देश्य से ‘उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम’ संचालित किया जा रहा है. इसी क्रम में अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस 8 सितंबर के उपलक्ष्य में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा 1 से 15 सितंबर तक पूरे प्रदेश में 15 दिवसीय राज्यव्यापी ‘साक्षरता पखवाड़ा’ आयोजित करने का निर्णय लिया गया है. स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने इस संबंध में समस्त जिला कलेक्टरों एवं जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के अध्यक्षों को विस्तृत कार्ययोजना भेजकर जिले में व्यापक जन-भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं. साक्षरता पखवाड़े की शुरुआत 1 सितंबर को समस्त शासकीय कार्यालयों, स्कूलों एवं कॉलेजों में उल्लास शपथ के साथ होगी. इस अभियान के दौरान घर घर सघन सर्वेक्षण कर 15 वर्ष से अधिक आयु के असाक्षरों और स्वयंसेवी शिक्षकों का उल्लास मोबाइल ऐप के माध्यम से शत-प्रतिशत डिजिटल पंजीयन किया जाएगा. अभियान को जन-आंदोलन बनाने के लिए कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों द्वारा 10 असाक्षरों को साक्षर बनाने पर स्थानीय एवं बोर्ड परीक्षा में 10 बोनस अंक देने का विशेष प्रावधान किया गया है, जिसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा. पखवाड़े के शुरुआती दिनों में ‘अंगूठे से कलम की ओर’ अभियान चलाकर नव-साक्षरों को हस्ताक्षर सिखाया जाएगा तथा शिक्षक दिवस पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों व समाजसेवियों का सम्मान किया जाएगा. जन-जागरूकता फैलाने के लिए हाट-बाजारों में नुक्कड़ नाटक, साक्षरता चौपाल, प्रभात फेरी और मशाल रैलियों का आयोजन किया जाएगा. 7 सितम्बर को चिट्ठी कलेक्टर के नाम’ प्रतियोगिता आयोजित होगी, जिसमें नव-साक्षर बुजुर्ग एवं महिलाएँ स्वयं हाथ से चिट्ठी लिखकर साक्षरता का संदेश देंगे. 8 सितम्बर को अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर जिला, जनपद एवं ग्राम पंचायत स्तर पर मुख्य समारोह होंगे और सायं 7:00 बजे पूरे राज्य में ‘उल्लास साक्षरता दीप’ जलाकर सामूहिक संकल्प का प्रदर्शन किया जाएगा. इसी दिन प्रातः 8:00 बजे विद्यार्थियों व नागरिकों द्वारा साक्षरता नारों के साथ विशाल मानव श्रृंखला बनाई जाएगी. इसके अगले दिन 9 सितंबर को नवाचारी शिक्षकों द्वारा उल्लास के शिक्षार्थियों को सीखने सिखाने के लिए मनोरंजन टीएलएम का प्रदर्शन किया जाएगा.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



