रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज सिंगापुर दौरे के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री का यह दौरा राज्य में निवेश और औद्योगिक विकास की संभावनाओं को बढ़ावा देने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दौरे के दौरान सीएम सिंगापुर के विभिन्न उद्योग समूहों और संभावित निवेशकों से मुलाकात करेंगे। मुख्यमंत्री सिंगापुर में छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं, उपलब्ध संसाधनों और औद्योगिक क्षेत्र में मौजूद अवसरों को निवेशकों के सामने प्रस्तुत करेंगे। मुख्यमंत्री विभिन्न उद्योग समूहों और निवेशकों के साथ बैठक करेंगे। इन बैठकों में छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास, निवेश के अवसरों और राज्य में उद्योगों के लिए उपलब्ध संभावनाओं पर चर्चा होगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का सिंगापुर दौरा 6 अक्टूबर तक प्रस्तावित है। इस दौरान वे कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे और विभिन्न स्तरों पर उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे।

BJP संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह आएंगे छत्तीसगढ़

रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा के नवनियुक्त संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह आज रायपुर पहुंचेंगे। संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी संभालने के बाद यह उनका राजधानी रायपुर में पहला बड़ा संगठनात्मक दौरा है। उनके आगमन को लेकर भाजपा संगठन में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कर्मवीर सिंह की मौजूदगी में रविवार को भाजपा की अहम संगठनात्मक बैठक आयोजित की जाएगी। यह बैठक सुबह 11 बजे कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में होगी। बैठक में प्रदेश भाजपा के पदाधिकारी, सभी जिलाध्यक्ष और संभाग प्रभारी शामिल होंगे। बैठक में पार्टी के मौजूदा संगठनात्मक कार्यक्रमों और गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी। ‘सेवा संकल्प अभियान’ समेत संगठन की गतिविधियों की समीक्षा होगी। बैठक में निवर्तमान संगठन महामंत्री पवन साय भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा सांसदों और विधायकों के साथ अलग बैठक होने की भी संभावना है।

दो दिवसीय अग्रसेन जयंती महोत्सव आज और कल

रायपुर। अग्रवाल समाज की गौरवशाली विरासत, परंपराओं और भारतीय संस्कृति के संवर्धन के उद्देश्य से 3 एवं 4 अक्टूबर को दो दिवसीय भव्य श्रीअग्रसेन जयंती महोत्सव 2026 का आयोजन रिंग रोड नंबर-3, रोजबे रिसॉर्ट में किया जाएगा। इसमें समाज के सभी वर्गों-विशेषकर बच्चों और युवाओं के लिए विविध सांस्कृतिक, रचनात्मक एवं बौद्धिक प्रतियोगिताओं का खाका तैयार किया गया है। अग्रवाल सभा के संयोजक अशोक गोयल, महिला मंडल की संयोजिका मीरू हरलालका, युवा मंडल के संयोजक विकास गोयल एवं युवती मंडल की संयोजिका सोनम जिंदल ने संयुक्त रूप से समाजबंधुओं से इस उत्सव में सपरिवार शामिल होने की अपील करते कहा है कि यह महोत्सव केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि अपनी जड़ों और समृद्ध विरासत से जुड़ने का एक पावन अवसर है।

छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली 6 एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द

रायपुर। छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली 6 एक्सप्रेस ट्रेनों को फिर रद्द कर दिया गया है। इनमें हैदराबाद-रक्सौल, तिरुपति-रक्सौल और वास्को डी गामा-जसीडीह एक्सप्रेस शामिल हैं। रेलवे के नॉन-इंटरलॉकिंग काम के चलते 7 से 17 दिसंबर के बीच अलग-अलग तारीखों में ट्रेनें कैंसिल रहेंगी। इससे पहले रेलवे ने 24 नवंबर से 15 जनवरी 2027 तक टाटानगर-नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी एक्सप्रेस, नांदेड़-संतरागाछी एक्सप्रेस और पुणे-संतरागाछी हमसफर एक्सप्रेस के भी निर्धारित फेरे रद्द किए हैं। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में ट्रैक बदलने का काम किया जाएगा, जिससे ये ट्रेनें प्रभावित हुई हैं।

राज्यस्तरीय शालेय क्रीड़ा के लिए खिलाड़ियों का चयन

बलौदाबाजार। 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता बलौदाबाजार जिला मुख्यालय में 3 अक्टूबर से 6 अक्टूबर 2026 तक आयोजित हो रही है। खेल प्रशिक्षक व व्यायाम शिक्षक शरद पंसारी (भाटापारा) ने बताया कि नेटबॉल 19 वर्ष बालक, बालिका की राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों में अध्ययनरत खिलाड़ियों का चयन हुआ है, जिसमें नेटबॉल 19 वर्ष बालक में निखिल साहू, वीरेंद्र साहू, चंद्रप्रकाश, शाहिल दिवाकर, प्रकाश साहू सभी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तरेंगा, धानेन्द्र पंसारी, शौर्य साहू सेजस स्कूल भाटापारा। नेटबॉल 19 वर्ष बालिका वर्ग में ट्विंकल साहू , योगिता साहू, चंचल रजक, कीर्ति साहू, फूल केवरा सभी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तरेंगा, अफ्शा बेगम सेजस स्कूल भाटापारा कुल 13 खिलाड़ियों का चयन हुआ है। सभी खिलाड़ी बलौदाबाजार में हो रहे राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में रायपुर जोन का प्रतिनिधित्व करेंगें।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें