रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज बिलासपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 3:20 बजे राजधानी रायपुर से बिलासपुर के लिए रवाना होंगे, जहां मुख्यमंत्री ऑल इंडिया वुमेन हॉकी टूर्नामेंट में शामिल होंगे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करेंगे। जिले में आयोजित इस महिला हॉकी प्रतियोगिता को लेकर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री मैच का अवलोकन करेंगे और खिलाड़ियों से मुलाकात भी कर सकते हैं। इसके बाद शाम करीब 5 बजे मुख्यमंत्री बिलासपुर से वापस रायपुर के लिए रवाना हो जाएंगे।
CGPSC मेंस परीक्षा के टाइम टेबल में बदलाव
रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने राज्य सेवा (मुख्य) परीक्षा-2025 की नई समय-सारिणी जारी कर दी है। पहले यह परीक्षा 16, 17, 18 और 19 मई 2026 को प्रस्तावित थी, लेकिन अब आयोग ने परीक्षा की तिथियों में बदलाव करते हुए इसे 06, 07, 08 और 09 जून 2026 को आयोजित करने का निर्णय लिया है। राज्य सेवा (मुख्य) परीक्षा-2025 प्रदेश के पांच जिला मुख्यालयों अम्बिकापुर, बिलासपुर, दुर्ग, जगदलपुर और रायपुर में आयोजित की जाएगी। आयोग के अनुसार प्रवेश पत्र परीक्षा तिथि से 10 दिन पहले जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे।

सुशासन तिहार 2026 : सैकड़ों आवेदनों का मौके पर निपटारा
रायपुर। सुशासन तिहार 2026 का आगाज हो चुका है और आज इसका दूसरा दिन है। शिविरों में आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। कूंरा नगर पंचायत में कुल 196 आवेदनों में से 136 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। वहीं अभनपुर के कठिया में प्राप्त 779 आवेदनों में से 588 आवेदनों का त्वरित निराकरण किया गया, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली। शिविरों में क्षेत्र के विधायक भी मौजूद रहे। इस दौरान लोगों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ भी दिया गया, जिसमें आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, बीज वितरण और जॉब कार्ड जैसी सुविधाएं शामिल हैं। प्रशासन का कहना है कि शेष बचे आवेदनों का भी जल्द ही निराकरण कर लिया जाएगा। सुशासन तिहार के तहत जिले में आगे भी ऐसे शिविर आयोजित कर आम जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा।
दिल्ली दौरे पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल
रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दिल्ली दौरे पर रहेंगे। इससे पहले उन्होंने शुक्रवार को प्रदेश में कई जगहों पर कांग्रेस की ओर से आयोजित बोरे बासी दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए थे। बेमेतरा में आयोजित कार्यक्रम में श्रमिकों का सम्मान किया गया था। साथ ही छत्तीसगढ़ 12वीं बोर्ड परीक्षा में प्रदेश में द्वितीय स्थान हासिल करने वाली छात्रा ओमनी वर्मा को भी सम्मानित किया गया था। इस मौके पर पूर्व मंत्री रविंद्र चौबे, पूर्व संसदीय सचिव गुरु दयाल सिंह बंजारे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान भूपेश बघेल ने कहा था कि बोरे बासी छत्तीसगढ़ के किसानों और मजदूरों का पारंपरिक आहार है। उनकी सरकार ने बोरे बासी को नई पहचान दिलाई। गर्मी के मौसम में यह अमृत के समान है और स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी होता है। छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपरा को आगे बढ़ाना सभी की जिम्मेदारी है।
3 से 22 मई तक 18 ट्रेनें रद्द
बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर जोन में यात्रियों को अगले 20 दिनों तक दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। गोंदिया रेलवे स्टेशन पर बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर अपग्रेड के चलते 3 मई से 22 मई तक कुल 18 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। इस अवधि में टाटानगर–इतवारी एक्सप्रेस समेत 10 ट्रेनें पूरी तरह रद्द रहेंगी। वहीं डोंगरगढ़–गोंदिया और रायपुर–इतवारी पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन भी बंद रहेगा, जिससे लोकल यात्रियों पर सबसे ज्यादा असर पड़ेगा। कुछ ट्रेनों को बदले मार्ग से चलाया जाएगा। रीवा–इतवारी एक्सप्रेस सहित 2 ट्रेनें जबलपुर–नैनपुर–छिंदवाड़ा रूट से डायवर्ट होंगी। वहीं बरौनी–गोंदिया और विदर्भ एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें बीच रास्ते से ही संचालित की जाएंगी। इसके अलावा दुर्ग, अजनी और ब्रम्हपुरी स्टेशनों से कई ट्रेनों का शॉर्ट टर्मिनेशन और शॉर्ट ओरिजिनेशन किया जाएगा। कटंगी, तिरोड़ी और जबलपुर रूट की लोकल सेवाएं भी आंशिक रूप से रद्द रहेंगी।
रायपुर कला केंद्र में समर कैंप का शुभारंभ
रायपुर। रायपुर के कला केंद्र में 15 दिवसीय समर कैंप के पहले बैच का शुभारंभ किया गया। कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस कैंप में पहले ही दिन 135 से अधिक बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया। कैंप के पहले दिन बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रतिभागियों ने विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में हिस्सा लेते हुए नई-नई कला विधाओं को सीखना शुरू किया। समर कैंप में गायन, वादन, गिटार, कीबोर्ड, डांस, क्ले आर्ट, पेंटिंग, माटी कला और ताइक्वांडो का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह समर कैंप तीन चरणों में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें 1 मई से 15 मई, 16 मई से 30 मई और 1 जून से 15 जून तक। कैंप का समय सुबह 7:30 बजे से 9:30 बजे तक रखा गया है, जिसमें शुरुआती 30 मिनट योग और जुंबा के लिए निर्धारित है, जबकि शेष समय में बच्चों को उनकी रुचि अनुसार प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H
खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

