CG Morning News : रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज रायपुर और दुर्ग जिले में विभिन्न कार्यक्रम में शामिल होंगे. रायपुर में सीएम साय पीएम मोदी के रेडियो कार्यक्रम मन की बात सुनेंगे. सुबह 11 बजे से 11:30 बजे तक क्लब हाउस विनायक सिटी में कार्यक्रम होगा. इसके बाद सीएम साय दुर्ग जिले के भरर ग्राम जाएंगे, जहां आयोजित विशाल कर्मा महोत्सव में शामिल होंगे. वहीं दोपहर 3:15 बजे भरर जामगांव से वह रायपुर लौटेंगे.

बैज बोले- विपक्ष की निंदा के लिए विशेष सत्र धन की बर्बादी

रायपुर. सिर्फ विपक्ष की निंदा के लिए विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया जाना जनता के धन की बर्बादी है, यह भाजपा के अलोकतांत्रिक चरित्र को भी दर्शाता है. सत्र को बुलाने के लिए सरकार के पास कोई ठोस कारण भी नहीं है, सरकार के पास कोई महत्वपूर्ण विधेयक भी नहीं है और न ही कोई ऐसा राज्य के हित का विषय है जिस पर चर्चा कराने के लिए विधानसभा के विशेष सत्र को आहूत करने की जरूरत थी. दीपक बैज ने कहा, मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक तौर पर कहा, हम विपक्ष की निंदा करने विधानसभा का विशेष सत्र बुलाएंगे. मतलब विपक्ष की निंदा के अलावा मुख्यमंत्री के पास इस सत्र को बुलाने का कोई और कारण नहीं था.

उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा आज

रायपुर. छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड के अंतर्गत उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा का आयोजन 26 अप्रैल को किया गया है. परीक्षा के लिए रायपुर जिले में 104 केन्द्र बनाए गए हैं. परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12.15 बजे तक आयोजित होगी. इसमें कुल 34,168 अभ्यर्थी शामिल होंगे.

अस्मिता खेलो इंडिया फुटबॉल का फाइनल आज

रायपुर. स्वामी विवेकानंद स्टेडियम कोटा में अस्मिता खेलो इंडिया अंडर-16 बालिका फुटबॉल लीग का फाइनल मैच 26 अप्रैल को खेला जाएगा. 24 अप्रैल से शुरू इस प्रतियोगिता में जिले की 6 टीमें हिस्सा ले रही हैं. इनमें शेरा फुटबॉल क्लब एकेडमी, शेरा क्रीड़ा समिति, जेआरसी क्लब, रायपुर क्लब, ब्रह्मविद फुटबॉल अकादमी और जेएल एकेडमी शामिल हैं. जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष मुश्ताक अली ने बताया कि स्पर्धा खेल विभाग के सहयोग से आयोजित की जा रही है. लीग फार्मेट में खेले जा रहे मैच में 25 अप्रैल को ब्रह्मविद फुटबॉल अकादमी को शेरा एफसी एकेडमी ने एकतरफा 8 गोल से पराजित करके फाइनल में जगह बना ली है. विजेता टीम की ओर से सोनाक्षी यादव, किच्चे ललिता और हनी दुलानी ने 2-2 गोल एवं माही कुंजाम व सोडी कोयेन्दे ने 1-1 गोल मारा. प्लेयर ऑफ द मैच सोनाक्षी रही.

रायपुर में आज के कार्यक्रम 

सम्मान समारोह

प्रकृति मित्र व गौ माता सेवक सम्मान

संस्था- ‘खुशियां बांटे अभियान’

स्थान- तेलीबांधा स्थित मैग्नेटो मॉल

समय- शाम 4 बजे से.

गोदोहासन में नवकार जाप

महावीर स्वामी कैवल्य कल्याणक पर

स्थान- नगर के जैन धर्म स्थलों व श्रद्धालुओं द्वारा समुचित स्थानों पर

समय- सुबह 6 से शाम 5 बजे तक.