CG Morning News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज समोदा दौरे पर रहेंगे। यहां CM साय 112 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात देंगे। 21.67 करोड़ के 67 विकास कार्यों का लोकार्पण के साथ ही 90.34 करोड़ के 29 कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। आरंग और समोदा क्षेत्र में सड़क, भवन, नगरीय विकास और ग्रामीण अधोसंरचना परियोजनाओं को रफ्तार मिलेगी। साथ ही नवा रायपुर के कोटरा भाठा में 18 करोड़ की लागत से बनने वाले 100 बिस्तर वाले अस्पताल का भी भूमिपूजन होगा। कार्यक्रम में डिप्टी CM अरुण साव समेत कई मंत्री मौजूद रहेंगे।

कांग्रेस करेगी थ्रीडी इनोवेशन प्लांट का निरीक्षण

थ्रीडी इनोवेशन प्लांट में हुई तीन मजदूरों की मौत की घटना की जांच के लिए गठित छग प्रदेश कांग्रेस कमेटी की जांच समिति की बैठक बुधवार को समिति के संयोजक एवं पूर्व मंत्री शिवकुमार डहरिया की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि जांच समिति 9 जुलाई को दोपहर 3 बजे प्लांट का स्थल निरीक्षण करेगी।

मृतक एवं प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और मांगों को सुनेगी तथा घटना से जुड़े सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच करेगी। बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण के जिलाध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे, धरसींवा की पूर्व विधायक अनीता शर्मा, कांग्रेस नेता पंकज शर्मा, ऊधो वर्मा, भावेश बघेल, मोहम्मद सिद्दीक, बाबा खान (मंडल अध्यक्ष, उरला) तथा मृतक अरुण पांडे के परिवार की ओर से गणेश कुंभकार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

रामगोपाल अग्रवाल को आज कोर्ट में पेश कर सकती है EOW

छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कोल लेवी घोटाले में आर्थिक अपराध शाखा (EOW) की टीम को एक बड़ी कामयाबी मिली है। EOW ने कांग्रेस के पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को हिरासत में ले लिया है, जिन्हें आज कोर्ट में पेश किए जाने की संभावना है। जांच एजेंसी पूछताछ के लिए कोर्ट से उनकी पुलिस रिमांड की मांग कर सकती है।

3 साल से चल रहे थे फरार

रामगोपाल अग्रवाल पिछले लगभग 3 वर्षों से फरार चल रहे थे। प्रवर्तन निदेशालय (ED) और EOW लगातार उनकी तलाश कर रही थी। रामगोपाल अग्रवाल से केवल कोल लेवी मामले में ही नहीं, बल्कि राज्य के कई अन्य चर्चित घोटालों जैसे शराब घोटाला, कस्टम मिलिंग घोटाला और अन्य वित्तीय अनियमितताएं को लेकर भी पूछताछ की जा रही है।

बेटे वैभव अग्रवाल से भी पूछताछ जारी

इस मामले में EOW की कार्रवाई केवल रामगोपाल अग्रवाल तक ही सीमित नहीं है। उनके बेटे वैभव अग्रवाल से भी पिछले दो दिनों से लगातार पूछताछ की जा रही है।

narayana

छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र 13 जुलाई से

छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र आगामी 13 जुलाई से शुरू होने जा रहा है। 13 से 17 जुलाई तक चलने वाले इस 5 दिवसीय सत्र में कुल 5 बैठकें होंगी। छोटा सत्र होने के बावजूद सदन में हंगामे के पूरे आसार हैं, क्योंकि इस बार विधायकों ने जनता से जुड़े कुल 1,033 सवाल लगाए हैं।

विपक्ष के साथ-साथ सत्तापक्ष के सदस्यों ने भी विभिन्न विभागों से संबंधित प्रश्न पूछे हैं। इस बार सदन में नकटी जलाशय और किसानों की समस्याओं समेत कई ज्वलंत मुद्दों पर घमासान देखने को मिलेगा। इसके अलावा, ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जरिए भी कई अन्य मुद्दों को उठाने की पूरी तैयारी है। देखना होगा कि 5 दिनों के इस सत्र में सरकार को घेरने के लिए विपक्ष की क्या रणनीति रहती है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m