CG Morning News, रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज 28 सितंबर को बस्तर संभाग के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे सुकमा और जगदलपुर पहुंचकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेंगे और राहत-बचाव कार्यों की स्थिति की समीक्षा करेंगे। CM साय दोनों जगहों पर अधिकारियों के साथ चर्चा करेंगे और फिर शाम को जगदलपुर से रायपुर लौटेंगे।
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी लेंगे महत्वपूर्ण बैठकें
रायपुर। रायपुर में आज कांग्रेस की बैठकों का दौर देखने को मिलेगा। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत दिनभर अलग-अलग महत्वपूर्ण बैठकों में शामिल होंगे। राजीव भवन में प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठक होगी, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
इसके अलावा सुखदेव भगत कनेक्ट सेंटर की बैठक में भी शामिल होंगे। दोपहर में वे कांग्रेस के प्रस्तावित विरोध मार्च में हिस्सा लेंगे। वहीं शाम को राजीव भवन में आयोजित विभिन्न बैठकों में शामिल होकर पार्टी की गतिविधियों और संगठन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
आज निकलेगी गणेश झांकी
रायपुर। राजधानी रायपुर में आज गणेश विसर्जन झांकी को लेकर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। झांकी के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पूरे मार्ग को सुरक्षा जोन और अलग-अलग सेक्टरों में बांटा गया है।
शाम से झांकी मार्ग पर ट्रैफिक डायवर्ट
गणेश झांकी के मद्देनजर आज शाम से झांकी मार्ग पर यातायात डायवर्ट रहेगा। लोगों को परेशानी से बचाने के लिए पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की है। झांकी के गुजरने के दौरान संबंधित मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित या नियंत्रित रहेगी।
पूरे रूट पर जवानों की तैनाती
सुरक्षा व्यवस्था के तहत झांकी मार्ग पर बड़ी संख्या में पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। इसके साथ ही ड्रोन कैमरों से पूरे झांकी मार्ग की निगरानी की जाएगी, ताकि भीड़ और गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
सुरक्षा जोन और सेक्टर में बांटा गया रूट
पुलिस ने झांकी मार्ग को अलग-अलग सुरक्षा जोन और सेक्टरों में विभाजित किया है। प्रत्येक सेक्टर में पुलिस बल और अधिकारियों की तैनाती रहेगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई हैं।
डीजे पर प्रतिबंध, नियम तोड़ने पर कार्रवाई
झांकी के दौरान डीजे पर प्रतिबंध रहेगा। निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करेगी।
85 पदों पर भर्ती के लिए रोजगार मेला
दंतेवाड़ा। जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का अवसर सामने आया है। निजी क्षेत्र की कंपनियों में रिलेशनशिप मैनेजर के 25 पद, असिस्टेंट मैनेजर ट्रेनी के 10 पद और इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन के 50 पदों पर भर्ती के लिए रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है।
28 सितंबर 2026 को जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज, कारली दंतेवाड़ा में रोजगार मेले का आयोजन होगा। इच्छुक अभ्यर्थी सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित स्थल पर पहुंचकर भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।

अभ्यर्थियों को अपने शैक्षणिक दस्तावेजों की मूल प्रति, रोजगार पंजीयन, आधार कार्ड की छायाप्रति, पासपोर्ट साइज फोटो और बायोडाटा साथ लाना अनिवार्य होगा। रोजगार मेले में शामिल होने से पहले रोजगार कार्यालय में जीवित पंजीयन होना जरूरी है।
प्रशासन ने बताया कि रोजगार मेले में शामिल होने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। इच्छुक युवा निर्धारित समय पर पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


