CG Morning News : रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायगढ़ और जशपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार, वे सुबह 11 बजे रायपुर से रवाना होकर रायगढ़ पहुंचेंगे, जहां 12:30 बजे शिव मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 1:30 बजे रायगढ़ से जशपुर के लिए रवाना होंगे और 2:30 बजे धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में भाग लेंगे। कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री अपने निज निवास ग्राम बगिया जाएंगे, जहां वे रात्रि विश्राम करेंगे।

narayana

AIIMS में पीएम विकसित भारत रोजगार योजना का विशेष कार्यक्रम

रायपुर। प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत आज एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम शाम 4 बजे एम्स रायपुर में होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से शामिल होंगे। इस अवसर पर देशभर के लाभार्थियों को करीब 2400 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि जारी की जाएगी। कार्यक्रम में मंत्री लखनलाल देवांगन, वित्त मंत्री ओपी चौधरी और सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। देशभर के 200 से अधिक केंद्रों पर एक साथ इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

इस दौरान नए कर्मचारियों को प्रतीकात्मक रूप से नियुक्ति पत्र भी सौंपे जाएंगे। योजना का मुख्य उद्देश्य रोजगार सृजन को बढ़ावा देना और युवाओं को औपचारिक रोजगार से जोड़ना है।

पेपर लीक मामले में जिला कांग्रेस कमेटी की प्रेस वार्ता

रायपुर। जिला कांग्रेस कमेटी आज पेपर लीक मामले को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित करने जा रही है। यह प्रेस वार्ता दोपहर 1 बजे राजीव भवन में होगी। इस कार्यक्रम में पूर्व मंत्री शिव कुमार डहरिया, धनेंद्र साहू सहित पूर्व विधायक, पूर्व सांसद और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। जिला कांग्रेस अध्यक्ष के साथ संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी भी इसमें शामिल होंगे। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी की छात्रों से चर्चा के बाद यह प्रेस वार्ता आयोजित की जा रही है।

कांग्रेस का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर कल से

रायपुर। प्रदेश में कल से कांग्रेस का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू होने जा रहा है, जिसका आयोजन रायपुर के अभनपुर स्थित अग्रवाल भवन में किया जाएगा। इस शिविर में प्रदेशभर के जिला अध्यक्षों और संगठन पदाधिकारियों को संगठनात्मक प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है। छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट भी इस आयोजन में मौजूद रहेंगे।

जानकारी के अनुसार, 21 जून को राहुल गांधी रायपुर पहुंचेंगे और करीब साढ़े पांच घंटे तक प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल रहकर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

साय कैबिनेट की बैठक 23 जून को

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में 23 जून को सुबह 11:30 बजे नवा रायपुर स्थित मंत्रालय में राज्य मंत्रिपरिषद (कैबिनेट) की बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में मानसून की देरी को देखते हुए खरीफ सीजन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। धान समेत अन्य फसलों की बुआई की स्थिति, किसानों के लिए खाद-बीज की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था पर विशेष चर्चा होने की संभावना है।

इसके अलावा 13 जुलाई से शुरू होने वाले विधानसभा के मानसून सत्र की तैयारियों पर भी मंत्रिमंडल मंथन करेगा। बैठक में अनुकंपा नियुक्ति से जुड़े प्रस्तावों और संशोधित नियमों को मंजूरी मिल सकती है। वहीं शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों के थोक तबादलों के लिए नई स्थानांतरण नीति पर भी कैबिनेट की मुहर लगने की संभावना जताई जा रही है।

कल जारी होगी पीएम किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना के अंतर्गत किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान करने की दिशा में 20 जून 2026 को 23वीं किस्त जारी की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से दोपहर 3.45 बजे देशभर के पात्र किसानों के खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से राशि हस्तांतरित करेंगे।

प्रदेश के 5 जिलों में खोले जाएंगे नए नशामुक्ति केंद्र

रायपुर। छत्तीसगढ़ के 5 जिलों में नए नशामुक्ति केंद्र खोले जाने की दिशा में भी पहल की जाएगी। 5 नए नशामुक्ति केंद्र मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, सुकमा, बेमेतरा, कोरबा जिलों में खोले जाएंगे। जिन जिलों में ऐसे केंद्र संचालित नहीं हैं, वहां उनकी स्थापना व संचालन के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। भारत माता वाहिनी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन व आगामी कार्ययोजना की समीक्षा के लिए गठित राज्य स्तरीय समिति की गुरुवार को आयोजित बैठक में यह निर्णय लिया गया।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H