CG Morning News : रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नक्सल उन्मूलन को लेकर कांग्रेस के दावों और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस झूठ बोलने में माहिर है. मंगलवार को जगदलपुर से रायपुर पहुंचे मुख्यमंत्री साय ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि यदि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने वास्तव में उतना प्रभावी काम किया होता, जितना अब दावा किया जा रहा है, तो छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद बहुत पहले कमजोर पड़ गया होता.

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की स्पष्ट मंशा थी कि देश के अन्य राज्यों की तरह छत्तीसगढ़ में भी नक्सल प्रभाव तेजी से कम हो, लेकिन अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने के कारण लंबे समय तक प्रदेश का बड़ा हिस्सा नक्सली हिंसा की चपेट में रहा. उन्होंने यह भी कहा कि नक्सलवाद जैसे गंभीर और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विषय पर राजनीतिक भ्रम और बयानबाजी करने के बजाय ईमानदार आत्ममंथन की आवश्यकता है. आज बस्तर में शांति, सुरक्षा और विकास का जो वातावरण बन रहा है, वह केंद्र सरकार की स्पष्ट नीति, राज्य सरकार की प्रतिबद्धता, सुरक्षा बलों के पराक्रम और जनता के विश्वास की जीत है.

सीएम साय ने यह भी कहा कि आज बस्तर में जो सकारात्मक परिवर्तन दिखाई दे रहा है, वह केवल सुरक्षा अभियानों का परिणाम नहीं है, बल्कि केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय, सुरक्षा बलों के अदम्य साहस, विकास कार्यों की तेज गति और स्थानीय जनता के विश्वास का सम्मिलित परिणाम है. उन्होंने आगे कहा कि हमारी सरकार बस्तर को हिंसा, भय और पिछड़ेपन की पहचान से बाहर निकालकर शिक्षा, सड़क, सिंचाई, स्वास्थ्य, रोजगार और आत्मनिर्भरता की नई पहचान देने के लिए प्रतिबद्ध है, जबकि विपक्ष तथ्यहीन नैरेटिव गढ़कर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहा है. मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हमारी सरकार के लिए बस्तर का भविष्य, यहां के युवाओं का विश्वास और क्षेत्र का स्थायी विकास सर्वोच्च प्राथमिकता है. 

बंद रहेंगी मेडिकल शॉप

रायपुर. ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट का आज एक दिवसीय हड़ताल होने वाला है. प्रदेशभर के दवा विक्रेता आज एक दिवसीय हड़ताल करेंगे. ऑनलाइन दवा बिक्री का देशभर में विरोध किया जा रहा है, इसी के तहत प्रदेशभर की दवाई दुकानें आज बंद रहेंगे. केवल अस्पतालों के अंदर और सरकारी दवा सेंटर में दवाई मिलेगी.

डाक अदालत में आज सुलझेंगी समस्याएं

रायपुर. प्रवर अधीक्षक डाकघर रायपुर संभाग रायपुर द्वारा स्टेशन रोड स्थित रायपुर गंज उपडाकघर परिसर के कार्यालय में बुधवार को डाक अदालत का आयोजन किया जा रहा है. यह कार्यक्रम डाक सेवाओं से संबंधित ग्राहकों की शिकायतों पर प्रत्यक्ष परिचर्चा करके उनका समाधान करने के लिए किया जाएगा. ‘डाक अदालत सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक लगाई जाएगी. डाक सेवाओं से संबधित समस्त शिकायतें जैसे डाक वस्तुओं का वितरण, काउंटर सेवाएं, लघुबचत योजनाएं (आरडी, बचत बैंक, बचत पत्र इत्यादि) रजिस्ट्री, मनीआर्डर, वीपीपी पार्सल, एक्सप्रेस पार्सल, स्पीड पोस्ट, मनीआर्डर, डाक जीवन बीमा एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा से संबंधित शिकायतों का समाधान डाक अदालत में किया जाएगा.

सराफा बाजारों में कांग्रेस का प्रदर्शन

रायपुर. जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर शहर और ग्रामीण द्वारा बढ़ती महंगाई एवं सोना-चांदी की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में सर्राफा बाजारों में व्यापक प्रदर्शन किया गया. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सराफा दुकानों के सामने धरना-प्रदर्शन कर आम जनता, व्यापारियों, स्वर्णकार कारीगरों एवं ग्राहकों से संवाद स्थापित किया और केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद की.

शहर जिला कांग्रेस के द्वारा सराफा व्यापारियों एवं सराफा लाइन में काम करने वाले सोनार, कारीगरों से मिलने और उनके व्यवसाय में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा सोना ना खरीदने के आव्हान के असर के संबंध में चर्चा की गई और जनसंपर्क किया गया. मंगलवार को रायपुर के सदर बाजार एवं बूढ़ा पारा क्षेत्र के सराफा व्यवसाय करने वाले ज्वैलर्स से मिलकर कोतवाली चौक से सदर बाजार मार्ग के विभिन्न शोरूम एवं दुकानों में आने वाले ग्राहकों, दुकानदारों एवं कारीगरों से भी मुलाकात और चर्चा की. उन्होंने सोना ना खरीदने के आव्हान पर आक्रोश जताया और इसे अव्यवहारिक और भारतीय अर्थव्यवस्था को चोट पहुंचाने वाला बताया.

खाद-डीजल की मांग को लेकर किसानों का प्रदर्शन आज

आरंग. आरंग में किसानों द्वारा डीजल और खाद की मांग को लेकर 20 मई को जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा. शासन द्वारा प्रति एकड़ खाद की मात्रा में कटौती किए जाने से किसानों में जबरदस्त आक्रोश व्याप्त है, क्योंकि वर्तमान में किसान प्रति एकड़ दो से तीन बोरी डीएपी व यूरिया का उपयोग कर रहे हैं, जबकि उन्हें मात्र आधा बोरी डीएपी उपलब्ध कराया जा रहा है. दूसरी तरफ कृषि कार्य प्रारंभ हो चुका है, परंतु डीजल के अभाव में जुताई नहीं हो पा रही है. पेट्रोल पंप सप्लाई के अभाव में बंद पड़े हैं. किसानों का कहना है कि यदि खाद और डीजल की आपूर्ति में जल्द सुधार नहीं हुआ, तो 50 प्रतिशत खेती बंजर हो जाएगी. किसान नेता पारसनाथ साहू एवं वतन चंद्राकर ने कहा कि सरकार की किसानों के साथ दमनकारी नीति नहीं चलने दी जाएगी. किसानों द्वारा आरंग में पहला धरना-प्रदर्शन कर शासन को आगाह किया जाएगा. यदि मांगें अनसुनी की गईं, तो प्रदेश स्तरीय उग्र प्रदर्शन किया जाएगा. इसमें बड़ी संख्या में किसान पहुंचकर अपने हक की लड़ाई प्रारंभ करेंगे. बस स्टैंड में सभा के बाद छत्तीसगढ़ शासन के विधायक एवं मंत्री से चर्चा करने विधायक कार्यालय कूच किया जाएगा.  

नक्सलवाद पर झूठ बोल गए शाह : पूर्व CM भूपेश

रायपुर. नक्सलवाद के मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर सियासी टकराव फिर बढ़ गया. पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत पूरी कांग्रेस शाह पर हमलावर हो गई. भूपेश ने अपनी सरकार के दौरान शाह के दौरे में सुकमा जिले के कैंपों में जाने, राशन दुकान और स्कूलों के निरीक्षण की याद दिलाई. वहीं, आरोप लगाए कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह यहां आकर फिर से झूठ परोस रहे हैं. उन्होंने चुनौती भरे अंदाज में कहा कि आज वे जिन कैंपों को सेवा केंद्र का नाम दे रहे, वहां सभी व्यवस्था कांग्रेस सरकार ने कराई थी. शाह चाहें तो रिकार्ड निकालकर देख लें.

राजधानी में मीडिया से चर्चा के दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर चौतरफा आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि इससे बड़ा झूठ और क्या होगा. ये लोग तो झूठ बोलने का ठेका लेकर रखे हैं. शाह यहां आकर झूठ बोल गए. उन्हें वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए दिल्ली में बोल लेना था. अपनी सरकार के समय का जिक्र कर भूपेश ने दावे किए कि एक बार जब अमित शाह दौरे में आए थे, तो उन्होंने मुझसे कहा कि बघेल जी मैं बस्तर अकेले जाना चाहता हूं और वे गए भी, आप रिकॉर्ड देख लीजिए. वे बस्तर में सुकमा जिले में गए, कैंप में रुके और वहां राशन दुकान और स्कूल का निरीक्षण भी किया. वहां राशन दुकान में राशन भरा था, स्कूलों में बच्चे पढ़ रहे थे. भूपेश के मुताबिक अमित शाह तो औचक निरीक्षण पर पहुंचे थे, कोई बता कर तो नहीं गए थे कि इस कैंप पर जाना है, वहां सभी जगह वही स्थिति थी. अब आज वो इसे सेवा केंद्र का नाम दे रहे हैं, ये सारी
व्यवस्था हमने करवाई थी. आज आप इसे नाम दे रहे हैं, यदि नहीं थी तो आप रिकॉर्ड निकाल के देख लें. उन कैंपों के पास सोलर लाइट भी लगी है, प्ले ग्राउंड भी बना है, बाजार भी लगे, आंगनबाड़ी केंद्र सब की व्यवस्था हमने करवाई थी.

रायपुर में आज के कार्यक्रम 

परमानंद महोत्सव

संस्थान- श्रीगिरिराज मंदिर ट्रस्ट

स्थान- बूढ़ापारा स्थित मंदिर

समय- सुबह 10 बजे से दुग्धाभिषेक, वेदोक्त पाठ. रात्रि 8 से 9 बजे के मध्य विशेष मनोरथ के साथ श्रृंगार दर्शन.

श्रीमद् देवी भागवत कथा

कथावाचक- राधा रासबिहारी शरण महाराज

आयोजक- सनातन धर्मप्रेमी गण

स्थान- टिल्लु चौक लाखेनगर स्थित श्रीराम मंदिर प्रांगण

समय- सुबह 9 बजे से.

समर क्लासेस

संस्थान- गुरुद्वारा गुरु सिंघ सभा स्टेशन रोड

स्थान- स्टेशन रोड गुरुद्वारे का लंगर हॉल

समय- सुबह 9:30 से लेकर 11:30 बजे तक.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H