CG Morning News : रायपुर। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के प्रवास पर रहेंगे। अपने इस दौरे में वे सक्ती जिले के जेठा में आयोजित ग्रामीण विकास विभाग के कार्यक्रमों में शामिल होंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत प्रदेश सरकार के मंत्रीगण और पंचायत पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
यह भी पढ़ें : CG Weather Today : छत्तीसगढ़ के इन इलाकों में अगले दो दिन बढ़ेगी बारिश, रायपुर में छाए रहेंगे बादल
केंद्रीय मंत्री चौहान दोपहर 12 बजे सक्ती जिले के जेठा में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत आयोजित गृह प्रवेश कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इस दौरान योजना से जुड़े लाभार्थियों को घर की चाबियां सौंपी जाएंगी। इसके साथ ही पंचायत पदाधिकारियों की कॉन्फ्रेंस में भी शामिल होंगे। सम्मेलन में ग्रामीण विकास से जुड़े विषयों और पंचायत स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर चर्चा होगी। बताया गया कि शिवराज सिंह चौहान रायपुर होकर सक्ती जाएंगे।

सीएम साय सक्ती के ग्राम जेठा में कार्यक्रम में होंगे शामिल
रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सक्ती जिले के ग्राम जेठा में आयोजित ‘पंचायती राज आवास गृह प्रवेश, पंचायत पदाधिकारी एवं लखपति दीदी सम्मेलन’ में शामिल होंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 10:30 बजे सीएम हाउस से रवाना होंगे और 10:50 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद सुबह 11 बजे हेलीकॉप्टर से ग्राम जेठा के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे से 1:30 बजे तक कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 2:10 बजे हेलीकॉप्टर से जेठा से रायपुर के लिए रवाना होंगे और शाम 3:20 बजे सीएम हाउस पहुंचेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज मनाएंगे पोरा तिहार
रायपुर. पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज पोरा तिहार मनाएंगे. सुबह 10 बजे उनके रायपुर निवास में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे. कार्यक्रम के दौरान कृषि यंत्रों के साथ-साथ बैलों की भूपेश बघेल पूजा करेंगे.
इंद्रावती भवन के बाहर कर्मचारियों का प्रदर्शन
रायपुर. राज्य के अधिकारी -कर्मचारियों व पेंशनरों को महंगाई भत्ता व महंगाई राहत की स्वीकृति के बाद भी जनवरी 2026 से 2 प्रतिशत महंगाई भत्ता एवं महंगाई राहत का भुगतान लंबित है। इसे लेकर ‘एक मांग, एक मंच अभियान’ के तहत शुक्रवार को नवा रायपुर स्थित संचालनालय (इंद्रावती भवन) बाहर गेट नंबर 3 में प्रदर्शन किया जाएगा।
एक मांग एक मंच अभियान के प्रांतीय संयोजक करण सिंह अटेरिया ने दावा किया कि उनके प्रदर्शन को 50 संगठनों का समर्थन मिला है। इसमें पांचों संभाग के पेंशनर, नियमित कर्मचारी, अनियमित कर्मचारी, स्वास्थ्य कर्मचारी और नगर निगम, नगरपालिका परिषद व नगर पंचायत के कर्मचारी शामिल होंगे। प्रदर्शन के दौरान डॉ डीपी मनहर, अनिल शुक्ला, गोपाल साहू, शरद दुबे, जयनारायण श्रीवास्तव, ओ पी शर्मा, अनिल पांडेय शामिल होंगे।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



