CG Morning News : रायपुर. मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आज जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़-जे (JCCJ) विरोध प्रदर्शन करेगी. JCCJ के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी के नेतृत्व में दोपहर 1 बजे सुभाष स्टेडियम से विरोध रैली निकाली जाएगी. यह रैली शास्त्री चौक स्थित मुख्य निर्वाचन कार्यालय तक पहुंचेगी.

आज आएंगे प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर

रायपुर. छत्तीसगढ़ भाजपा के नए प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह शनिवार को रायपुर पहुंच रहे हैं. अब वे यहां पर कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में नियमित रूप से रहेंगे. इसी के साथ अब संगठन की गतिविधियों को तेज करने के लिए लगातार बैठकों का दौर चलेगा और नए संगठन महामंत्री के साथ परिचय भी होगा. भाजपा की नई प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी के भी इसी माह आने की संभावना है. उनके साथ सहप्रभारी सिद्धार्थ शंभू भी आएंगे. भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने कई राज्यों के संगठन महामंत्रियों में बदलाव किया है. इसी कड़ी में झारखंड के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह को छत्तीसगढ़ और यहां के संगठन महामंत्री पवन साय को झारखंड का जिम्मा दिया गया है. नया जिम्मा मिलने के बाद एक बार कर्मवीर सिंह छत्तीसगढ़ का दौरा करके यहां पर सेवा संकल्प अभियान की समीक्षा कर चुके हैं. इसके बाद वे वापस लौट गए थे, क्योंकि वहां पर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री का दौरा था. अब वे वापस रायपुर आ रहे हैं. भाजपा ने नए संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह का ठिकाना भी कुशाभाऊ ठाकरे परिसर रहेगा. वे यहीं पर रहेंगे. भाजपा के पदाधिकारियों के मुताबिक, वे शनिवार को रायपुर आ रहे हैं. इसके बाद वे यहां पर लगातार रहेंगे. उनकी वापसी दीपावली के आसपास ही होगी. यहां पर संगठन महामंत्री के आने के बाद ठाकरे परिसर में लगातार बैठकों का दौर चलेगा. इसमें उनका प्रदेशभर के जिलों के पदाधिकारियों, प्रभारियों, प्रकोष्ठ और मोर्चा के पदाधिकारियों के साथ परिचय भी होगा. वे संगठन को किस तरह से और मजबूत करना है, इसके निर्देश भी पदाधिकारियों को देंगे.

झारखंड दौरे पर रहेंगे भूपेश बघेल

रायपुर. पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज झारखंड दौरे पर रहेंगे. निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, वह सुबह 5:55 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचेंगे. इसके बाद सुबह 10:30 बजे झारखंड के रामगढ़ जिले के नेमरा पहुंचेंगे. जहां से दोपहर 1 बजे रांची एयरपोर्ट जाएंगे.  झारखंड में आज कांग्रेस काला दिवस मनाने वाली है, इसी के तहत आयोजित प्रदर्शन कार्यक्रमों में भूपेश बघेल शामिल हो सकते हैं. वहीं रात 9 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे.

नवरात्रि के पूर्व दो स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा

बिलासपुर. नवरात्रि पर्व के अवसर पर रेल प्रशासन ने पहले दो स्पेशल ट्रेन की घोषणा कर दी है. गुरुवार को एक स्पेशल ट्रेन का परिचालन इतवारी से शालीमार के बीच तीन-तीन फेरे के लिए चलाने नोटिफिकेशन जारी किया गया है. ट्रेन संख्या 08861 नेताजी सुभाषचंद्र बोस इतवारी से शालीमार पूजा स्पेशल 15 से 29 अक्टूबर तक प्रति गुरुवार को और 08862 शालीमार-नेताजी सुभाषचंद्र बोस इतवारी पूजा स्पेशल 16 से 30 अक्टूबर तक प्रति शुक्रवार को चलाई जाएगी. इतवारी से ट्रेन 17.10 बजे रवाना होने के बाद डोंगरगढ़ 20.08 बजे और बिलासपुर 00.35 बजे, शालीमार से ट्रेन 18.00 बजे रवाना होकर बिलासपुर 7.25 बजे और डोंगरगढ़ 12.04 बजे पहुंचने के बाद इतवारी 15.35 बजे पहुंचेगी. ट्रेन में दो जनरल कोच, चार स्लीपर कोच, 10 थर्ड एसी, एक सेकेंड एसी सहित 20 कोच की सुविधा होगी.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H