CG Morning News, रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दिल्ली दौरे पर रहेंगे। इस दौरान छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच लंबे समय से चले आ रहे महानदी जल विवाद को लेकर अहम बैठक होगी। नई दिल्ली में होने वाली इस उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे।

बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी शामिल होंगे। दोनों राज्यों के मुख्य सचिवों के साथ तकनीकी एवं जल संसाधन विभाग से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहेंगे।

जमीन के मुद्दे पर कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस

कांग्रेस आज जमीन संबंधी मुद्दों को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी। यह प्रेस कॉन्फ्रेंस राजधानी रायपुर स्थित कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में दोपहर 1 बजे आयोजित होगी।

कांग्रेस चिकित्सा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डॉ. राकेश गुप्ता प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे। इस दौरान कांग्रेस की ओर से जमीन से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार पर आरोप लगाए जाएंगे।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस संचार विभाग के सदस्य भी मौजूद रहेंगे। कांग्रेस नेताओं की ओर से इस दौरान जमीन संबंधी मामलों को लेकर सरकार से जुड़े मुद्दों को उठाया जाएगा और पार्टी का पक्ष रखा जाएगा।

बस्तर ओलंपिक के लिए शुरू होंगे पंजीयन

बस्तर ओलंपिक में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों के लिए आज से पंजीयन प्रक्रिया शुरू हो रही है। खिलाड़ी 30 अक्टूबर तक अपना पंजीयन करा सकेंगे। प्रतियोगिताओं का आयोजन तीन चरणों में विकासखंड, जिला और संभाग स्तर पर किया जाएगा।

बस्तर ओलंपिक के विकासखंड स्तरीय आयोजन 1 से 13 नवंबर तक होंगे। इसके बाद जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं 16 से 25 नवंबर तक आयोजित की जाएंगी। वहीं संभाग स्तर की प्रतियोगिताएं 7 से 11 दिसंबर तक होंगी।

बस्तर ओलंपिक में कुल 11 खेलों की स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए अलग-अलग स्तरों पर प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने का अवसर मिलेगा। वहीं हॉकी और वेटलिफ्टिंग की स्पर्धाएं सीधे जिला स्तर पर आयोजित की जाएंगी।

कांग्रेस का RDA के खिलाफ प्रदर्शन

रायपुर। कांग्रेस आज RDA के खिलाफ प्रदर्शन की तैयारी में है। दोपहर 2 बजे राजेंद्र नगर स्थित RDA कार्यालय का घेराव किया जाएगा। इस दौरान कांग्रेस भाजपा सरकार पर जमीन संबंधी अनियमितताओं के आरोप लगाकर विरोध प्रदर्शन करेगी, जिसमें विधायक, पूर्व विधायक, पार्षद सहित कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H