CG Morning News : रायपुर. पेट्रोल-डीजल फिर महंगा हो गया है. तेल कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के दाम में बढ़ोतरी की है. पेट्रोल ₹2.61 और डीजल ₹2.71 महंगा हो गया है. तेल कंपनियों ने 10 दिन में चौथी बार पेट्रोल-डीजल के दाम में बढ़ोतरी की है। इस तरह 10 दिन में पेट्रोल और डीजल लगभग 8 रुपये महंगा हो गया है. रायपुर में बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल की कीमत ₹107.96 हो गई है. डीजल की कीमत करीब ₹101.32 रुपये पहुंच गई है. इससे पहले 15 मई को पेट्रोल-डीजल के दाम 3-3 रुपए बढ़े थे. दूसरी बार में 90-90 पैसे प्रति लीटर बढ़ाए गए थे. इससे पहले पेट्रोल के दाम 87 पैसे और डीजल के दाम 91 पैसे बढ़े थे.
CM साय ने पर्वतारोही अमिता श्रीवास के जल्द स्वस्थ होने की कामना की
रायपुर. जांजगीर-चांपा जिले की होनहार पर्वतारोही अमिता श्रीवास ने विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट (8848 मीटर) को 22 मई 2026 को सफलतापूर्वक फतह कर छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है. उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि अमिता ने अपने साहस, दृढ़ संकल्प और अथक मेहनत से प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा का नया अध्याय रचा है. मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है कि छत्तीसगढ़ की बेटी ने विश्व की सर्वोच्च चोटी पर तिरंगा और हमारे प्रदेश का गौरव बढ़ाया.
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट कर कहा कि समिट के बाद बेस कैंप लौटने के दौरान अत्यधिक ऊंचाई, शून्य से लगभग 40 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान और ऑक्सीजन की कमी के कारण अमिता श्रीवास की तबीयत बिगड़ने की जानकारी मिली है. उन्हें हेलीकॉप्टर के माध्यम से रेस्क्यू कर काठमांडू स्थित नॉर्विक इंटरनेशनल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है. चिकित्सकों के अनुसार उन्हें गंभीर फ्रॉस्टबाइट एवं हाई एल्टीट्यूड संबंधी स्वास्थ्य समस्याएं हुई हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि जानकारी मिलते ही राज्य शासन के वरिष्ठ अधिकारियों को आवश्यक समन्वय स्थापित कर हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दे दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अमिता श्रीवास और उनके परिवार के साथ खड़ी है तथा उनके बेहतर उपचार के लिए निरंतर संपर्क और सहयोग सुनिश्चित किया जा रहा है.
मुख्यमंत्री साय ने अमिता के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि अमिता बिटिया शीघ्र पूर्ण रूप से स्वस्थ होकर अपने घर लौटें, यही हमारी कामना है. उनका साहस, धैर्य और हौसला हजारों युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा. छत्तीसगढ़ को उन पर गर्व है.
सुशासन तिहार में अपराधिक घटनाएं, राजधानी बना क्राइम कैपिटल : कांग्रेस
रायपुर. सुशासन तिहार के दौरान प्रदेश में हो रही अपराधिक घटनाओं और राजधानी में हुई हत्या के मुद्दे पर कांग्रेस ने फिर भाजपा सरकार को कटघरे में खड़ा किया. वहीं राजधानी को क्राइम कैपिटल और प्रदेश को अपराधगढ़ करार देते हुए सवाल दागे. पीसीसी प्रवक्ता सुरेन्द्र वर्मा ने आरोप लगाए कि अपराधियों में अब पुलिस और कानून का डर खत्म हो चुका है. सरकार सुशासन तिहार मना रही है और राजधानी से लेकर दुर्ग, कबीरधाम जिले तक चाकूबाजी और हत्या की घटनाएं हो गई. अब बदतर हालातों के बीच लोगों में भय का माहौल बन गया है. कांग्रेस प्रवक्ता ने दावे किए कि सरकार द्वारा नशे के कारोबार को संरक्षण देने से हिंसक वारदातें हो रही हैं. इससे पुलिस, प्रशासन और सरकार की क्षमता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं. भाजपा सरकार में अवैध शराब, अफीम की खेती और सूखे नशे का कारोबार तेजी से फैला है, जिससे युवा पीढ़ी प्रभावित हो रही है. सरकार की सुस्ती और नाकामी से अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि बदमाशों, अपराधियों द्वारा सोशल मीडिया पर हथियार लहराते रील बनाकर खुलेआम धमकियां देने का नया ट्रेंड चल पड़ा है. इस पर पुलिस नकेल कसने में नाकाम है. राजधानी के तेलीबांधा-श्याम नगर इलाके में पूरे मोहल्ले की लाइट गोल कर गैंगवार किया गया.
बस्तर के समाजसेवियों को मिलेगा पद्मश्री सम्मान
रायपुर. राष्ट्रपति भवन में आज आयोजित होने वाले भव्य नागरिक अलंकरण समारोह में बस्तर के समाजसेवियों को पद्मश्री सम्मान से नवाजा जाएगा. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बस्तर की “बड़ी दीदी” के नाम से पहचान बनाने वाली डॉ. बुधरी ताती को पद्मश्री सम्मान प्रदान करेंगी. इसके साथ ही डॉ. रामचंद्र गोडबोले और सुनीता गोडबोले दंपत्ति को भी सम्मानित किया जाएगा. शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में वर्षों से योगदान देने वाले इन समाजसेवियों ने नक्सल प्रभावित वनांचलों में सेवा की मिसाल कायम की है. “पीपल्स पद्म” पहल के जरिए देश के गुमनाम नायकों को राष्ट्रीय पहचान मिल रही है.
आज से ‘आकार-2026’ शुरू
रायपुर. संस्कृति विभाग द्वारा “आकार-2026” कला एवं शिल्प प्रशिक्षण शिविर का आयोजन आज से 9 जून तक किया जाएगा. महंत घासीदास स्मारक संग्रहालय परिसर में आयोजित इस शिविर में पारंपरिक शिल्प और लोककलाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा. सुबह और शाम दो पालियों में चलने वाली कक्षाओं में पेंटिंग, टेराकोटा, बांस कला, कथक और लोकनृत्य समेत 16 विधाओं की ट्रेनिंग दी जाएगी. आयोजन का उद्देश्य पारंपरिक कला और शिल्प को बढ़ावा देना और नई पीढ़ी को इससे जोड़ना है.
ओपन स्कूल की दूसरी परीक्षा के लिए आवेदन आज से
रायपुर. छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल ने 10वीं एवं 12वीं की दूसरी मुख्य-अवसर परीक्षा के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. परीक्षा अगस्त-सितंबर में प्रस्तावित है. ओपन स्कूल की सचिव द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार विद्यार्थी सामान्य फीस के साथ 25 मई से 30 जून तक फॉर्म भर सकते हैं. इसके बाद किसी कारणवश फॉर्म भरने से वंचित विद्यार्थी 500 रुपये विलंबित फीस के साथ 3 जुलाई से 8 जुलाई तक परीक्षा फॉर्म भर सकते हैं. विद्यार्थी प्रवेश से संबंधित जानकारी के लिए परिधि अध्ययन केंद्र में संपर्क कर सकते हैं. परीक्षा फॉर्म ओपन स्कूल की वेबसाइट से डाउनलोड कर परिधि के अध्ययन केंद्र में ऑफलाइन भी जमा किया जा सकता है.

रायपुर में आज के कार्यक्रम
कला प्रदर्शनी ‘मेरी मां’
संस्थान – महाकोशल कला परिषद
स्थान – घड़ी चौक के समीप महाकोशल आर्ट गैलरी
समय – शाम 5 से 7 बजे तक.
परमानंद महोत्सव
संस्थान – श्रीगिरिराज मंदिर ट्रस्ट
स्थान – बूढ़ापारा स्थित मंदिर
समय – सुबह 10 बजे से दुग्धाभिषेक, वेदोक्त पाठ। रात्रि 8 से 9 बजे के मध्य विशेष मनोरथ के साथ श्रृंगार दर्शन.
समर क्लासेस
संस्थान – गुरुद्वारा गुरु सिंघ सभा स्टेशन रोड
स्थान – स्टेशन रोड गुरुद्वारे का लंगर हॉल
समय – सुबह 9:30 से लेकर 11:30 बजे तक.
श्रीशिव महापुराण कथा
कथावाचक – राधा रासबिहारी शरण महाराज
आयोजक – सनातन धर्मप्रेमी गण
स्थान – टिल्लु चौक लाखेनगर स्थित श्रीराम मंदिर प्रांगण
समय – सुबह 9 बजे से.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

