CG Morning News : रायपुर. राजधानी में आज रेलवे सुरक्षा बल (RPF) का 42वां स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा. रेलवे वर्कशॉप ग्राउंड में भव्य परेड के जरिए आरपीएफ के जवान अनुशासन, साहस और कार्यकुशलता का प्रदर्शन करेंगे. समारोह में आरपीएफ की महानिदेशक सोनाली मिश्रा सहित रेलवे और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे. इस दौरान उत्कृष्ट सेवा के लिए अधिकारियों और जवानों को सम्मानित किया जाएगा. इनमें 3 राष्ट्रपति पुलिस पदक, 30 पुलिस पदक और एक जीवन रक्षा पदक शामिल हैं. महिला दस्ता, कोरास कमांडो, डॉग स्क्वॉड और सेगवे दस्ते का प्रदर्शन भी होगा. वहीं तकनीकी प्रदर्शनी में ड्रोन निगरानी, ह्यूमनॉइड रोबोट ‘अर्जुन’ और आधुनिक डिजिटल सुरक्षा प्रणालियों की झलक देखने को मिलेगी. 

कांग्रेस के दिल्ली प्रदर्शन में छत्तीसगढ़ के नेता होंगे शामिल

रायपुर. छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नेता और विधायक आज दिल्ली में INDIA गठबंधन के प्रदर्शन में शामिल होंगे. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया के विरोध में प्रदर्शन किया जाएगा. प्रदर्शन में विपक्षी दलों के कई बड़े नेता शामिल होंगे. छत्तीसगढ़ से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज भी प्रदर्शन में शामिल होंगे. कांग्रेस के कुल 35 विधायक इस विरोध प्रदर्शन का हिस्सा बनेंगे.

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की जर्सी लॉन्च करेंगे उपमुख्यमंत्री साव 

रायपुर. छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को लेकर आज रायपुर में विशेष आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रम में खेल मंत्री अरुण साव शामिल होंगे और हॉकी लीग की जर्सी लॉन्च करेंगे. इस दौरान लीग की टीमों और उनमें शामिल खिलाड़ियों की जानकारी भी साझा की जाएगी. साथ ही लीग के अंबेसडर के नामों की घोषणा किए जाने की संभावना है. कार्यक्रम में खेल मंत्री अरुण साव के साथ खेल एवं युवा कल्याण विभाग (DSYM) के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे. आयोजन दोपहर 3:30 बजे रायपुर के एक निजी होटल में होगा.

रायपुर पहुंचेगी जिम्बाब्वे महिला क्रिकेट टीम

रायपुर. रायपुर में भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों की सीरीज 16 अक्टूबर से शुरू होगी. सीरीज का पहला मैच 16 अक्टूबर, दूसरा 18 अक्टूबर और तीसरा मुकाबला 20 अक्टूबर को खेला जाएगा. सीरीज की तैयारियों के तहत भारतीय टीम आज से स्टेडियम में अभ्यास शुरू करेगी. वहीं जिम्बाब्वे की टीम भी आज रायपुर पहुंचेगी. जिम्बाब्वे की टीम की अगुवाई कप्तान जोसेफीन नकोमी करेंगी. इस अंतरराष्ट्रीय सीरीज को लेकर रायपुर में क्रिकेट प्रशंसकों के बीच उत्साह रहने की उम्मीद है.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H