CG Morning News : रायपुर. महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर आज रायपुर में राज्य स्तरीय सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रम सुबह 10 बजे बूढ़ापारा स्थित बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में होगा. शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे, जबकि राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगी. भारत स्काउट्स एंड गाइड्स छत्तीसगढ़ की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में सर्वधर्म प्रार्थना के जरिए शांति, प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया जाएगा.
ग्राम पंचायतों में आज मनेगा रिफॉर्म उत्सव
रायपुर. प्रदेश की ग्राम पंचायतों में आज रिफॉर्म उत्सव मनाया जाएगा. इसके तहत ग्राम सभा के माध्यम से ग्रामीण अपने गांव के विकास की जरूरतों और प्राथमिकताओं को तय करेंगे. रिफॉर्म उत्सव के साथ विकसित ग्राम पंचायत प्लान की शुरुआत भी की जाएगी. जन योजना अभियान के साथ एकीकृत रूप से चलने वाले इस उत्सव में ग्राम सभा के दौरान ग्रामीणों से गांव की जरूरतों, कमियों और उपलब्ध संसाधनों को लेकर चर्चा की जाएगी. साथ ही VB-GRAMJI के तहत 125 दिनों के रोजगार की वैधानिक गारंटी को लेकर भी संवाद होगा. ग्रामीणों को 15 दिनों के भीतर रोजगार उपलब्ध कराने और समय पर मजदूरी भुगतान की व्यवस्था की जानकारी दी जाएगी.
रायपुर में व्यापारी मनाएंगे ‘No UPI Day’, आम जनता से मांगा समर्थन
रायपुर. राजधानी के महादेव घाट व्यापारी कल्याण संघ के साथ ही मोहबा बाजार व्यापारी संघ 2 अक्टूबर गांधी जयंती को ‘नो यूपीआई डे’ मनाएगा. मोहबा बाजार व्यापारी संघ के अध्यक्ष रवि थामस, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत सिंह सोमवंशी, उपाध्यक्ष सम्पत सिंह राजपूत, महासचिव नवीन देवांगन, सचिव राम सिंह, कोषाध्यक्ष आशुतोष महाकालकर ने विज्ञप्ति जारी करके ‘नो यूपीआई डे’ का समर्थन करने की अपील की है. संघ ने आम जनता से कहा है कि नगद लेन-देन करके नो यूपीआई डे का समर्थन करें. महादेव घाट रोड व्यापारी कल्याण संघ के सभी सदस्य यूपीआई बंद का समर्थन करते हुए अपनी-अपनी दुकानों में व्यापारी संघ के द्वारा जारी पोस्टर लगाकर ग्राहकों को सूचना दे रहे हैं कि 2 अक्टूबर गांधी जयंती के दिन सिर्फ नगद कारोबार ही होगा. व्यापारी संघ के पदाधिकारी की बैठक में सदस्यों ने सकारात्मक सांकेतिक विरोध किया. बैठक में अध्यक्ष विमल बाफना राम चौरसिया विनोद जोशी राजकुमार अग्रवाल प्रशांत भागवत वैभव सालुंखे ईश्वर सिंह विनोद जैन मोहन पटेल उपस्थित थे. बता दें कि चुनिंदा पर्सन-टू-मर्चेंट यानी पी2एम यूपीआई पेमेंट पर 2,000 रुपए से ज्यादा के लेनदेन पर 0.4% एमडीआर लगेगा. 75,000 रुपए या उससे ज्यादा के पेमेंट पर यह चार्ज अधिकतम 300 रुपए रहेगा. खास बात यह है कि यह पैसा ग्राहक से अलग से नहीं लिया जाएगा. एमडीआर की जिम्मेदारी मर्चेंट की होगी.
राजधानी में खादी सम्मेलन एवं ग्रामोद्योग विकास प्रदर्शनी
रायपुर. राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में प्रदेश स्तरीय गुणवत्तापूर्ण खादी सम्मेलन एवं ग्रामोद्योग विकास प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रम का शुभारंभ ग्रामोद्योग और स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव करेंगे. इस दौरान राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य, सांसद, विधायक सहित खादी और ग्रामोद्योग से जुड़े विभिन्न संस्थानों और संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे. छत्तीसगढ़ खादी और ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से 2 अक्टूबर से आगामी 31 मार्च तक खादी वस्त्रों की खरीद पर 25 प्रतिशत की विशेष छूट दी जाएगी. इस अवसर पर ‘सेल्फी विद खादी’ अभियान की भी शुरुआत की जाएगी. प्रदर्शनी में खादी एवं ग्रामोद्योग से जुड़े विभिन्न उत्पादों, गतिविधियों और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार की संभावनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा. इसके माध्यम से खादी और ग्रामोद्योग को बढ़ावा देने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था और स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी भी दी जाएगी.

मांस-मटन की बिक्री पर प्रतिबंध आज
रायपुर. गांधी जयंती के अवसर पर आज रायपुर नगर निगम क्षेत्र में मांस-मटन की बिक्री पर प्रतिबंध रहेगा. निगम क्षेत्र की सभी मांस-मटन दुकानें और पशुवध गृह बंद रहेंगे. होटल और अन्य प्रतिष्ठानों में भी मांस-मटन की बिक्री पर रोक रहेगी. नियमों का उल्लंघन कर मांस-मटन बेचते पाए जाने पर तत्काल सामग्री जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी. प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

