टुकेश्वर लोधी, आरंग। क्षेत्र में अवैध गौवंश तस्करी के खिलाफ आरंग पुलिस ने एक बार फिर कड़ा शिकंजा कसा है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने एक टाटा मैजिक वाहन को जब्त कर उसमें क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंस कर ले जाए जा रहे 4 बैलों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया। मामले में पुलिस ने दो नाबालिग सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में मुख्य आरोपी संजय टंडन पहले भी गौ तस्करी के गंभीर मामले में जेल जा चुका है। बाकी आरोपी संजय टंडन के लिए ही काम करते हैं।
आरंग थाना प्रभारी हरीश साहू ने बताया कि पुलिस को एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक टाटा मैजिक वाहन (क्रमांक CG 06 GZ 9607) में कुछ लोग अवैध रूप से और बेहद अमानवीय तरीके से बैलों को भरकर पंधी गांव की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते से ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए पंधी मार्ग पर रणनीतिक घेराबंदी की। कुछ ही समय में संदिग्ध वाहन वहां पहुंचा, जिसे पुलिस ने रोका।


वाहन के भीतर का नजारा देख दंग रह गई पुलिस
जब पुलिस टीम ने टाटा मैजिक वाहन की तलाशी ली तो उसके भीतर का दृश्य बेहद विचलित करने वाला था। वाहन की सीमित क्षमता के बावजूद उसमें 4 बैलों को बेरहमी से ठूंस-ठूंस कर बांधा गया था। पशुओं के साथ की जा रही इस क्रूरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल उन्हें वाहन से बाहर निकाला और सुरक्षित स्थान पर भिजवाया। जब वाहन में सवार लोगों से गौवंश के परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज या अनुमति पत्र मांगे गए तो वे कोई भी वैध कागजात पेश नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने वाहन और चारों बैलों को विधिवत जब्त कर सभी आरोपियों को हिरासत में लिया।
अंतर्राज्यीय और स्थानीय नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
मुख्य आरोपी संजय टंडन का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है, इसलिए पुलिस अब इस मामले को महज एक छिटपुट घटना के रूप में नहीं देख रही है। क्षेत्र में लगातार हो रहे मवेशी तस्करी की घटनाओं में भी आदतन अपराधी संजय टंडन की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस प्रशासन इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रहा है कि इस गिरोह के तार और कहां-कहां जुड़े हैं। इन बैलों को कहां से लाया गया था और इन्हें कहां खपाने की तैयारी थी, इस पूरे सिंडिकेट और बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंकेज की कड़ाई से जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस रैकेट से जुड़े कुछ और चेहरों को बेनकाब किया जाएगा।
इस मामले में पुलिस ने 2 विधि से संघर्षरत बालकों (नाबालिगों) सहित कुल 5 लोगों को दबोचा है। आरंग पुलिस ने इस गंभीर मामले में त्वरित कानूनी कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 और 11 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। सभी वैधानिक और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने दोनों नाबालिगों सहित पांचों आरोपियों को स्थानीय न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश के बाद सभी आरोपियों को जेल (नाबालिगों को बाल सुधार गृह) भेज दिया गया है।
इसे भी पढ़ें – गौ तस्करी करते 2 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने गोवंशों को किया बरामद, मुख्य आरोपी संजय तस्करी के मामले में कई बार जा चुका है जेल
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H
खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

