रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की ओर से जारी सूबेदार, उप निरीक्षक (SI) और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा के प्रारंभिक परिणाम को लेकर अब राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है। कांग्रेस ने रिजल्ट में सामने आए कुछ अभ्यर्थियों के नामों को लेकर सवाल खड़े किए हैं। पार्टी ने आरोप लगाया है कि चयन सूची में कुछ ऐसे नाम शामिल हैं, जो संदेह पैदा करते हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

चयन सूची में अटपटे नामों को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा तेज

रिजल्ट जारी होने के बाद सोशल मीडिया पर चयन सूची में शामिल कुछ नामों को लेकर चर्चा तेज हो गई। नामों की लिस्ट के स्क्रीनशॉट भी वायरल होने लगे।

इनमें क्रमांक 6074, रोल नंबर 2402148213 वाले अभ्यर्थी के नाम के रूप में दर्ज ‘NEWS’, क्रमांक 467, रोल नंबर 2402105174 वाले अभ्यर्थी के नाम ‘SPACERANI’ और क्रमांक 93, रोल नंबर 2402101319, अभ्यर्थी के नाम के स्थान पर ‘MANBAS’ शामिल है। इसके अलावा ऐसे कई नामें को लेकर भी सावल उठाए गए हैं।

कांग्रेस ने उठाए सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग

कांग्रेस ने SI रिजल्ट की सूची जारी करते हुए कुछ नामों को हाइलाइट किया है। कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि यह हाल ही में 12 जुलाई 2026 को आयोजित सब इंस्पेक्टर प्री परीक्षा 2024 का परिणाम है, जिसमें अभ्यर्थियों के नामों में ‘स्पेस रानी’ और ‘न्यूज’ जैसे नाम दर्ज हैं। सुशासन का दावा करने वाली साय सरकार की हकीकत को देख लीजिए।

भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों पर किया पलटवार

इस मामले में कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा प्रवक्ता राजीव चक्रवर्ती ने कहा कि चयन सूची में सामने आई चीजें केवल विसंगति हैं, जिन्हें जांच के बाद ठीक कर दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता के साथ आयोजित की गई है और इसमें किसी भी तरह की गड़बड़ी नहीं हुई है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में अपने रिश्तेदारों को नौकरी दिलाने के नाम पर परीक्षाओं में गड़बड़ी के मामले सामने आए थे।

राजीव चक्रवर्ती ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में भर्ती प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ हो रही है। उन्होंने दोहराया कि यदि किसी भी प्रकार की विसंगति सामने आती है तो जांच के बाद उसे सुधार लिया जाएगा।

CGPSC ने किसी भी गड़बड़ी से किया इनकार

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने SI रिजल्ट में सामने आए नामों को लेकर उठ रहे सवालों पर स्थिति स्पष्ट की है। CGPSC की परीक्षा नियंत्रक लीना कोसम ने लल्लूराम डॉट कॉम से बातचीत में बताया कि प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम में दर्ज नामों की जांच की गई है। उन्होंने कहा कि आयोग ने संबंधित अभ्यर्थियों से संपर्क कर जानकारी ली है। अभ्यर्थियों ने नामों में किसी भी तरह की त्रुटि होने से इनकार किया है और सूची में दर्ज नामों को सही बताया है।

341 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित हुई थी परीक्षा

गौरतलब है कि CGPSC ने बीते बुधवार 341 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी किया था। इस परीक्षा में सफल 7,301 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए चयनित किया गया है। परीक्षा 12 जुलाई 2026 को प्रदेश के सभी 33 जिलों में आयोजित की गई थी, जिसके लिए 183 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। अब मुख्य परीक्षा का आयोजन संभावित रूप से 24, 25 और 26 अक्टूबर 2026 को किया जाना है, जिसके लिए चयनित अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H