चाईबासा। चाईबासा-चक्रधरपुर मुख्य मार्ग (एनएच-75) पर मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के पासाहातु चौक के समीप तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से 45 वर्षीय साइकिल सवार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर एनएच-75 जाम कर दिया। करीब तीन घंटे तक सड़क पर यातायात पूरी तरह ठप रहा।
सड़क पार करते समय बस ने मारी टक्कर
मृतक की पहचान पासाहातु गांव निवासी 45 वर्षीय रसिका हेंब्रम के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे रसिका हेंब्रम साइकिल से मुख्य सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान चाईबासा से चक्रधरपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि रसिका हेंब्रम गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश, एनएच-75 किया जाम
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण पासाहातु चौक पर पहुंच गए। परिजन की असमय मौत से लोगों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा और सरकारी सहायता देने की मांग की।
मांगों को लेकर ग्रामीणों ने एनएच-75 पर आवागमन रोक दिया। सड़क जाम होने से चाईबासा-चक्रधरपुर मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। छोटी-बड़ी गाड़ियां घंटों फंसी रहीं।
धूप में परेशान रहे यात्री, स्कूल बस और एंबुलेंस भी फंसी
सड़क जाम के कारण यात्रियों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। चिलचिलाती धूप के बीच स्कूल बसों, एंबुलेंस और आम वाहनों को भी जाम में फंसना पड़ा। करीब तीन घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति
सड़क जाम की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। पुलिस की मौजूदगी में ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की गई।

