चक्रधरपुर। चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पर शनिवार सुबह मुंबई–शालीमार समरसता एक्सप्रेस के स्लीपर कोच के टॉयलेट में एक यात्री का शव मिलने से हड़कंप मच गया। व्यक्ति का शव टॉयलेट के अंदर गमछे के सहारे लटका हुआ मिला। सूचना मिलने पर आरपीएफ, जीआरपी और रेलवे अस्पताल की मेडिकल टीम मौके पर पहुंची। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
टॉयलेट का दरवाजा लंबे समय तक बंद रहने से हुआ शक
जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 12151 के स्लीपर कोच एस-7 के टॉयलेट का दरवाजा काफी देर से बंद था। टॉयलेट का इस्तेमाल करने पहुंचे यात्रियों ने जब दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, तो अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
इसके बाद यात्रियों ने अंदर झांककर देखा, जहां एक व्यक्ति दिखाई दिया। अनहोनी की आशंका होने पर यात्रियों ने ट्रेन में मौजूद टीटीई को इसकी जानकारी दी। टीटीई से सूचना मिलने के बाद रेल मंडल के कंट्रोल रूम ने संबंधित विभागों को अलर्ट किया।
स्टेशन पहुंचते ही मौके पर पहुंची आरपीएफ-जीआरपी
शनिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे समरसता एक्सप्रेस चक्रधरपुर स्टेशन पहुंची। इसके बाद आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने टॉयलेट का दरवाजा खुलवाया। अंदर एक व्यक्ति गमछे के सहारे लटका मिला।
स्टेशन मास्टर और अन्य रेलकर्मियों की मदद से शव को नीचे उतारकर प्लेटफॉर्म नंबर-दो पर रखा गया। रेलवे अस्पताल की चिकित्सक डॉ. रश्मि ने जांच के बाद व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अकेले सफर कर रहा था यात्री, पहचान का इंतजार
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मृतक अकेले यात्रा कर रहा था। वह ट्रेन में किस स्टेशन से सवार हुआ था और उसे कहां जाना था, इसकी जानकारी अब तक नहीं मिल सकी है। पुलिस उसकी पहचान करने के प्रयास में जुटी है।
मौत की परिस्थितियों की जांच जारी
ट्रेन के टॉयलेट में शव मिलने की घटना के बाद यात्रियों में चर्चा और चिंता का माहौल रहा। जीआरपी मामले की जांच कर रही है। व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

