सुशीला देवी, गुरुग्राम। गुरुग्राम में यातायात नियमों को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए महज एक सप्ताह में बड़ी कार्रवाई की है। 20 से 26 अप्रैल 2026 के बीच ट्रैफिक पुलिस ने 25,266 चालान काटते हुए 1.60 करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला।
यह अभियान पुलिस उपायुक्त (यातायात) प्रतीक गहलोत के निर्देशन में चलाए जा रहे #ChallanNahiSalamMilega के तहत चलाया गया।
इस दौरान सबसे ज्यादा उल्लंघन रॉंग साइड ड्राइविंग, हेल्मेट और सीट बेल्ट न पहनने, ओवरस्पीडिंग और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल इस्तेमाल के मामलों में सामने आए।
रॉंग साइड ड्राइविंग के 1854, ड्रंकन ड्राइविंग के 349 और रॉंग पार्किंग के 1711 मामले दर्ज किए गए। वहीं, कैमरों के जरिए 12,820 चालान किए गए, जिनमें नो-एंट्री और सीट बेल्ट उल्लंघन प्रमुख रहे।
ट्रैफिक पुलिस ने NH-48, द्वारका एक्सप्रेसवे और मुंबई एक्सप्रेसवे पर विशेष निगरानी रखी। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के कैमरों और ड्रोन तकनीक की मदद से ओवरस्पीडिंग और लेन बदलने वालों पर नजर रखकर तुरंत कार्रवाई की गई।
सिर्फ सख्ती ही नहीं, बल्कि जागरूकता पर भी जोर दिया गया। “सुरक्षा रथ” के जरिए 16 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर 665 से अधिक लोगों को ट्रैफिक नियमों और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। इसके अलावा “ट्रैफिक मित्र” योजना के तहत आम नागरिकों को भी यातायात व्यवस्था सुधारने में शामिल किया जा रहा है।
पुलिस ने साफ संदेश दिया है—नियमों का पालन करेंगे तो सम्मान मिलेगा, अन्यथा चालान तय है।

