चमोली के ज्योतिर्मठ क्षेत्र में हुए हेलीकॉप्टर हादसे में जान गंवाने वाले छह लोगों के शव पोस्टमार्टम के बाद उनके गृह राज्यों के लिए रवाना किए गए. पायलट का शव सड़क मार्ग से दिल्ली भेजा गया, जबकि चार यात्रियों के शव बेंगलुरु और एक का शव गोवा पहुंचाने की व्यवस्था की गई.

देहरादून. चमोली जिले के ज्योतिर्मठ क्षेत्र में 30 अक्टूबर को हुए हेलीकॉप्टर हादसे में जान गंवाने वाले सभी छह लोगों के शवों को उनके परिजनों तक पहुंचाने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है. रविवार, 1 नवंबर को पोस्टमार्टम और अन्य जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शवों को एम्स ऋषिकेश से देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट लाया गया. यहां से पायलट का शव सड़क मार्ग से दिल्ली और यात्रियों के शव हवाई मार्ग से बेंगलुरु तथा गोवा भेजे गए.

डोईवाला की एसडीएम अपर्णा ढौंडियाल के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले पायलट कैप्टन हिमांशु सभरवाल का शव सड़क मार्ग से दिल्ली रवाना किया गया. चार यात्रियों के शव हवाई मार्ग से बेंगलुरु भेजे गए, जबकि एक यात्री का शव पहले दिल्ली और फिर कनेक्टिंग फ्लाइट के जरिए गोवा भेजने की व्यवस्था की गई.

दो दिन चला रेस्क्यू अभियान

गौरतलब है कि 30 अक्टूबर को ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपैड के लिए रवाना हुआ था. दोपहर करीब 1:14 बजे उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद चमोली जिले के ज्योतिर्मठ क्षेत्र में चाई गांव के पास हाथी पर्वत की पहाड़ियों में हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था.

इस हादसे में पायलट समेत हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों की मौत हो गई थी. दुर्घटनास्थल दुर्गम पहाड़ी इलाके में होने और मौसम खराब रहने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आईं.

सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीमों ने करीब दो दिनों तक रेस्क्यू अभियान चलाया. रविवार सुबह सभी शवों को दुर्घटनास्थल से निकालने में सफलता मिली, जिसके बाद उन्हें एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया.

एम्स में हुआ पोस्टमार्टम

एम्स ऋषिकेश में मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया और अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की गईं. इसके बाद शवों को जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचाया गया, जहां से अलग-अलग माध्यमों से उनके गृह राज्यों और परिजनों तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई.

डोईवाला की एसडीएम अपर्णा ढौंडियाल ने बताया, “चमोली हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मृतक पायलट का शव सड़क मार्ग से दिल्ली भेजा गया है. जबकि, 4 यात्रियों का शव हवाई मार्ग से बेंगलुरु भेजा गया. वहीं, 1 यात्री का शव कनेक्टिंग फ्लाइट के जरिए गोवा भेजा गया है. पहले दिल्ली फिर वहां से गोवा भेजा गया.”

हादसे में जान गंवाने वाले लोग

हेलीकॉप्टर दुर्घटना में पायलट समेत छह लोगों की जान गई थी. मृतकों की सूची इस प्रकार है.

  1. कैप्टन हिमांशु सभरवाल (पायलट) – 48 वर्ष, निवासी दिल्ली.
  2. प्रताप – 41 वर्ष, निवासी कर्नाटक.
  3. अरुण सालुंके – 44 वर्ष, निवासी कर्नाटक.
  4. वीबी शंकर गौड़ा – 39 वर्ष, निवासी कर्नाटक.
  5. वकील सुधीर के. – 50 वर्ष, निवासी कर्नाटक.
  6. एचएस नटराजा – 51 वर्ष, निवासी कर्नाटक.

हादसे की जांच जारी

हादसे के बाद चारधाम यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर संचालन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठे हैं. दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है.