चमोली जिले के ग्वाड़ गांव में कुसमा देवी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने उनके पति विक्रम लाल के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है. पत्नी की मौत के बाद घर में दूसरी महिला मिलने पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई और पुलिस से कार्रवाई की मांग की.
चमोली. जिले में गोपेश्वर के पास ग्वाड़ गांव में कुसमा देवी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने उनके पति विक्रम लाल के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है. पत्नी की मौत के बाद घर में एक महिला के साथ विक्रम के मौजूद होने की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई और पुलिस को बुलाया. पुलिस के मुताबिक, विक्रम के साथ मिली महिला से पूछताछ की गई है, जबकि मामले की जांच जारी है.
घर में मिली दूसरी महिला
जानकारी के अनुसार, 23 सितंबर को ग्वाड़ गंगलोल गांव में कुसमा देवी का शव घर में रस्सी से लटका मिला था. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया था. मृतका की बहन ने उनके पति पर हत्या का आरोप लगाया था, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच कर रही थी.
परिवार में अंतिम संस्कार के बाद के कार्यक्रम चल रहे थे और रिश्तेदार तथा ग्रामीण शोक में थे. इसी दौरान बीती रात मृतका के बच्चों ने ग्राम प्रधान को बताया कि उनके पिता विक्रम लाल घर के अंदर एक महिला के साथ मौजूद हैं.
ग्रामीणों में नाराजगी
जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने घर बंद कर पुलिस को सूचना दी. तलाशी के दौरान वहां गांव के पास रहने वाली एक विधवा महिला मिली. बताया गया है कि इस महिला के भी दो बच्चे हैं.
ग्रामीणों ने दोनों को गोपेश्वर पुलिस के हवाले कर दिया. गांव की महिलाएं भी कुसमा देवी की मौत के मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने पहुंचीं और नाराजगी जताई.
पुलिस कर रही जांच
गोपेश्वर के थानाध्यक्ष नवनीत भंडारी ने बताया कि विक्रम लाल और महिला के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है. पुलिस ने कुसमा देवी की मौत के मामले में उनके पति को नामजद किया है.
पुलिस के अनुसार, विक्रम लाल को फिलहाल शांति भंग के आरोप में जेल भेजा गया है, जबकि उसके साथ मिली महिला को पूछताछ के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया. कुसमा देवी की मौत से जुड़े मामले की जांच जारी है.

