चंदौली स्थित बाबा कीनाराम राजकीय मेडिकल कॉलेज में मरीजों की सुविधा के लिए 10 नई मशीनों के साथ अत्याधुनिक डायलिसिस सेंटर और डिजिटल डीआर एक्स-रे सेवा का शुभारंभ किया गया है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अमित सिंह के मुताबिक, अब प्रतिदिन करीब 120 मरीजों का निःशुल्क डायलिसिस होगा और रोजाना 1000 एक्स-रे करने की क्षमता विकसित हो गई है।

अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली। जनपद के बाबा कीनाराम राजकीय मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में मेडिकल कॉलेज में अत्याधुनिक डायलिसिस सेंटर और डिजिटल डीआर (DR) एक्स-रे सेवा का शुभारंभ किया गया। नई सुविधाओं के शुरू होने से चंदौली ही नहीं, बल्कि पूर्वांचल के कई जिलों और पड़ोसी राज्यों से आने वाले हजारों मरीजों को बेहतर और समयबद्ध इलाज मिल सकेगा।

120 मरीजों का मुफ्त डायलिसिस

मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अमित सिंह ने बताया कि अस्पताल में 10 नई डायलिसिस मशीनें स्थापित की गई हैं। इनके संचालन से अब प्रतिदिन करीब 120 मरीजों का निःशुल्क डायलिसिस किया जा सकेगा। इससे लंबे समय से चली आ रही वेटिंग लिस्ट में काफी कमी आएगी और गंभीर मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध हो सकेगा।

30 सेकेंड में डिजिटल एक्स-रे

इसके साथ ही अस्पताल में दो नई डिजिटल डीआर एक्स-रे मशीनें भी शुरू की गई हैं। इन अत्याधुनिक मशीनों की मदद से मात्र 30 सेकेंड में उच्च गुणवत्ता वाली एक्स-रे इमेज तैयार हो जाएगी। नई तकनीक के उपयोग से मरीजों और एक्स-रे टेक्नीशियनों पर रेडिएशन का प्रभाव लगभग 70 प्रतिशत तक कम होगा, जिससे सुरक्षा के साथ बेहतर जांच संभव हो सकेगी।

जल्द लगेगी एमआरआई मशीन

डॉ. अमित सिंह ने बताया कि नई मशीनों के शुरू होने से अस्पताल में प्रतिदिन एक्स-रे की क्षमता 225 से बढ़कर लगभग 1000 तक पहुंच जाएगी। भविष्य में इस सुविधा को 24 घंटे संचालित करने की भी योजना है, ताकि आपातकालीन मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि मेडिकल कॉलेज में जल्द ही एमआरआई मशीन लगाने की तैयारी चल रही है। इसके स्थापित होने के बाद मरीजों को महंगी जांच के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इन नई सुविधाओं के शुरू होने से बाबा कीनाराम मेडिकल कॉलेज पूर्वांचल में आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभरेगा।