चंदौली के सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित बिजली पावर हाउस के पास एक युवक की सरेआम लात-घूंसों से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के दौरान पुरानी रंजिश की बात सामने आने पर पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान और मामले की जांच में जुट गई है।
अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र के बिजली पावर हाउस के पास एक युवक की सरेआम पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ युवक एक युवक को घेरकर लात-घूंसों से मारते हुए दिखाई दे रहे हैं। बीच सड़क पर हुई इस मारपीट को देखकर मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह विवाद को शांत कराया।
“पहले इसने मेरे भाई को मारा था”
वायरल वीडियो में मारपीट के दौरान एक युवक यह कहते हुए सुनाई दे रहा है कि “पहले इसने मेरे भाई को मारा था, अब हम इसकी पिटाई कर रहे हैं।” इस बयान के बाद मामला आपसी रंजिश से जुड़ा होने की चर्चा भी शुरू हो गई है। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह और पूरा घटनाक्रम अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने कराया शांत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मारपीट कुछ देर तक सड़क पर चलती रही, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया, जिसके बाद मामला शांत हुआ। घटना के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी मारपीट का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस की ओर से वीडियो की सत्यता और घटना की जांच किए जाने की बात कही जा रही है। यदि किसी पक्ष की ओर से तहरीर दी जाती है या जांच में मारपीट की पुष्टि होती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।
यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल युवकों की पहचान करने और पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं, लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की घटनाएं कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।


