चंडीगढ़: शहर के डॉक्टरों और क्लीनिक संचालकों को एक ही मोबाइल नंबर से फोन और WhatsApp संदेश भेजकर 50-50 हजार रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। महज 24 घंटे के भीतर सेक्टर-18, 22, 23 और 40 के कई डॉक्टरों को धमकी मिलने से हड़कंप मच गया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान महाराष्ट्र निवासी सचिन साकेत के रूप में हुई है। आरोप है कि वह डॉक्टरों को फोन और WhatsApp के जरिए धमकाकर रकम ट्रांसफर करने का दबाव बना रहा था। कुछ डॉक्टरों को भुगतान के लिए QR कोड भी भेजे गए।
मामले की शुरुआत तब हुई जब डॉक्टरों के एक समूह ने धमकी भरे फोन और संदेशों की जानकारी गवर्नर को दी। इसके बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज करने के निर्देश दिए।
जांच के दौरान पुलिस को अलग-अलग शिकायतों में एक ही मोबाइल नंबर सामने मिला। तकनीकी जांच में यह नंबर महाराष्ट्र निवासी सचिन साकेत के नाम पर पंजीकृत पाया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी तक पहुंच बनाई और उसे गिरफ्तार कर लिया।
कई डॉक्टरों को भेजे धमकी भरे संदेश
सेक्टर-22 मोबाइल मार्केट में डॉक्टर सुखविंदर सिंह को WhatsApp पर 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगने का संदेश मिला। आरोपी ने रकम शाम सात बजे तक देने को कहा और भुगतान नहीं करने पर धमकी दी।
इसी तरह सेक्टर-23 निवासी डॉ. निधिश को फोन कर 50 हजार रुपये मांगे गए। आरोप है कि आरोपी ने रकम अपने सहयोगी तक पहुंचाने की बात कही और भुगतान नहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
सेक्टर-18 निवासी रुचि आहूजा के क्लीनिक के रिसेप्शन नंबर पर भी WhatsApp के जरिए 50 हजार रुपये मांगने का संदेश आया। इसमें रकम भेजने के लिए QR कोड भी दिया गया था।
वहीं सेक्टर-40 स्थित स्वास्थ्य केंद्र के संचालक डॉ. हर्ष कुमार को भी इसी मोबाइल नंबर से धमकी भरा संदेश मिला। उन्होंने नंबर ब्लॉक कर दिया, जिसके बाद WhatsApp पर भेजे गए संदेश भी डिलीट हो गए।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि डॉक्टरों को धमकी देकर रंगदारी मांगने की इस साजिश में आरोपी अकेला था या उसके साथ अन्य लोग भी शामिल हैं।
- SK केयर हॉस्पिटल पर बड़ी कार्रवाई: आयुष्मान योजना का पंजीयन एक साल के लिए निरस्त, प्रचार सामग्री हटाने के निर्देश
- इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी दरवाजे से छेड़छाड़: लीवर छूने पर अलार्म बजा; यात्री पर केस दर्ज, दिल्ली से पुणे जा रहा था विमान
- निजी जमीन पर अवैध रेत भंडारण और परिवहन का आरोप: शासन को लाखों के राजस्व नुकसान की आशंका, जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
- ‘पोलियो वैक्सीन से बच्चे होंगे नपुसंक !’ पाकिस्तान में फिर फैली अफवाह ; वैक्सीन टीम की सुरक्षा में तैनात 2 सुरक्षाकर्मियों की हत्या
- त्योहारों पर संभलकर निकलें! पटना में बदले कई रास्ते, मॉल और बाजारों के लिए नया रूट चार्ट जारी

