चंडीगढ़. चंडीगढ़ से अहम खबर सामने आई है, जिसमें शराब के ठेके पर बम जैसे चीज से हमला किया गया है. हमले के लिए बम का उपयोग किया गया यह अभी साफ नहीं हुआ है, लेकिन जैसे ही ठेके में जोरदार ब्लास्ट हुआ चारो तरह अफरा-तफरी मच गई आसपास के एरिया में धुआं के गुब्बारे उठ गए. ब्लास्ट के बाद लोग खुद को बचाने के लिए भागने लगे. इस घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक एक्टिवा से फरार हो गए. इस घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है.

जानकारी के अनुसार बम फेंकने वाले आरोपी एक्टिवा सवार युवक आए. इस दौरान एक्टिवा पर पीछे बैठे युवक ने खिड़की के अंदर विस्फोटक चीज फेंकी, वह वहां पर मौजूद लोगों के पैरों के पास जा गिरी. गिरते ही कुछ देर बाद ही धमाका हुआ और धुआं-धुआं हो गया.

पुलिस मामले की जांच में जुटी

पुलिस के सामने फिलहाल हमले के पीछे का मकसद साफ नहीं हो पाया है. जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि हमलावरों का उद्देश्य ठेके को नुकसान पहुंचाना था, कर्मचारियों और ग्राहकों को डराना था या इसके पीछे कोई अन्य आपराधिक कारण था. हालांकि, पुलिस ने अभी यह पुष्टि नहीं की है कि हमलावरों ने वास्तव में बम या विस्फोटक ही फेंका था. घटनास्थल से मिली वस्तु की प्रकृति और धमाका किस कारण हुआ, इसकी जांच की जाएगी. फोरेंसिक जांच और घटनास्थल से जुटाए गए सबूतों के आधार पर ही इसकी पुष्टि होगी.

ठेका संचालक ने मैनेजर और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी पुलिस से मांग की है. उन्होंने ठेके के आसपास पुलिस गश्त बढ़ाने और रात के समय विशेष निगरानी रखने का आग्रह किया है. साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग को भी जांच में शामिल करने की मांग की गई है. इस घटना के बाद ठेके के लोगों में भय का माहौल बना हुआ है.