बाराबंकी के रामनगर थाना क्षेत्र में गोंडा जा रहे नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के काफिले पर हमला हुआ, जिसमें जूते और पत्थर फेंके जाने का आरोप है. चंद्रशेखर ने 13 से 14 लोगों के घायल होने और 7 से 8 गाड़ियों के क्षतिग्रस्त होने का दावा करते हुए पुलिस को दो तहरीर दी हैं.

बाराबंकी. रविवार को गोंडा जा रहे नगीना सांसद और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के काफिले पर हमला होने का मामला सामने आया है. चंद्रशेखर के अनुसार, रामनगर थाना क्षेत्र के बुढ़वल चौराहे पर काफिले पर जूते और पत्थर फेंके गए, जिसमें 13 से 14 लोग घायल हुए और 7 से 8 गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुई हैं.

गोंडा जा रहे थे चंद्रशेखर

चंद्रशेखर रविवार को गोंडा जिले में विनोद कुमार साहनी और रमेश कोरी के परिजनों से मिलने और उन्हें सांत्वना देने जा रहे थे. बताया गया कि बुढ़वल चौराहे पर पहुंचने के बाद पुलिस ने उनके काफिले को रोककर दाहिने मोड़ से जाने के लिए कहा.

चंद्रशेखर के मुताबिक, इसी स्थान पर कुछ लोग तख्तियां लेकर खड़े थे और उनके हाथों में पत्थर थे. आरोप है कि इसके बाद काफिले पर जूते और पत्थरों से हमला किया गया.

कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त

हमले के दौरान काफिले में चल रही सनी की गाड़ी का शीशा टूट गया. चंद्रशेखर ने कई अन्य वाहनों के क्षतिग्रस्त होने का भी दावा किया है.

घटना में कई कार्यकर्ताओं के घायल होने की बात कही गई है. एक कार्यकर्ता की आंख में चोट लगने का भी दावा किया गया है. हमले के बाद चंद्रशेखर अपने कार्यकर्ताओं के साथ बाराबंकी के एसपी कार्यालय पहुंचे.

पुलिस को दी दो तहरीर

चंद्रशेखर ने मामले में दो अलग-अलग तहरीर दिए जाने की जानकारी दी है. इनमें एक तहरीर उनकी ओर से और दूसरी उनके कार्यकर्ता सनी की तरफ से दी गई है.

चंद्रशेखर का आरोप है कि हमला पुलिस की मौजूदगी में हुआ. उन्होंने पुलिस से मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है.

चंद्रशेखर ने कहा कि यदि सोमवार तक कार्रवाई नहीं होती है तो मंगलवार से पूरे प्रदेश में आंदोलन किया जाएगा. हमले के बाद वह गोंडा नहीं जा सके.